मॉर्निंग वॉक कर रहे पंचायत सचिव काे ट्रक ने मारी टक्कर
बांदा, 19 नवंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद बांदा में बदौसा थाना क्षेत्र में गुरुवार सुबह सैर (मॉर्निंग वॉक) कर रहे पंचायत सचिव काे नेशनल हाईवे पर तेज रफ्तार ट्रक ने टक्कर मार दी। गंभीर हालत में उन्हें रानी दुर्गावती मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है।
बदौसा थानाध्यक्ष अनिल कुमार साहू ने बताया कि निजामीनगर के पास नेशनल हाईवे-35 पर पंचायत सचिव प्रमोद सिंह पटेल रोज की तरह गुरुवार सुबह टहलने के लिए निकले थे। इसी दौरान कर्वी की तरफ से तेज गति में आ रहे ट्रक ने उन्हें टक्कर मार दी। इस हादसे में पंचायत सचिव
गंभीर रूप से जख्मी हो गए। दुर्घटना की सूचना मिलते ही थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से घायल पंचायत सचिव को 108 एंबुलेंस के जरिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अतर्रा ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद हालत नाजुक देखते हुए उन्हें जिला अस्पताल रेफर किया गया। बाद में रानी दुर्गावती मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है।
थानाध्यक्ष ने बताया कि हादसे में शामिल ट्रक को पकड़ लिया गया है। मामले में अग्रिम कार्रवाई की जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अनिल सिंह