मुरादाबाद के एसएसपी ने जूना अखाड़े के महंतों का किया स्वागत-अभिनंदन
श्री काली माता मंदिर लालबाग के महंत महाकाल गिरी और प्राचीन सिद्ध पीठ श्री नौ देवी काली माता मंदिर के महंत हितेश्वर गिरी बने
मुरादाबाद, 14 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद मुरादाबाद के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) सतपाल अंतिल ने मंगलवार काे जूना अखाड़े के अंतर्राष्ट्रीय प्रवक्ता व 13 मणि के मंत्री श्रीमहंत नारायण गिरि महाराज व जूना अखाडे के सचिव श्रीमहंत कंचन गिरि महाराज, महंत धीरेंद्र पुरी महाराज, महंत महाकाल गिरि महाराज व महंत हितेश्वर गिरि महाराज का मंगलवार को अपने आवास पर स्वागत अभिनंदन किया। श्रीमहंत नारायण गिरि महाराज ने बताया कि मुरादाबाद के थाना मुगलपुरा क्षेत्र के लालबाग स्थित श्री काली माता मंदिर (ऊपर वाला मंदिर) का महंत महाकाल गिरी और प्राचीन सिद्ध पीठ श्री नौ देवी काली माता मंदिर (नीचे वाला मंदिर) का महंत हितेश्वर गिरी को बनाया गया है। वहीं श्री काली माता मंदिर का मुख्य पुजारी महंत इच्छा गिरि महाराज को और प्राचीन सिद्ध पीठ श्री नौ देवी काली माता मंदिर का मुख्य पुजारी महंत वशिष्ठ गिरि महाराज को नियुक्त किया गया है।
श्रीमहंत नारायण गिरि महाराज ने बताया कि श्री पंचदश नाम जूना अखाड़े की शाखा व सिद्ध स्थान श्री काली माता जी मंदिर लालबाग मुरादाबाद मिश्री गिरि जी का टीला के महंतों की नियुक्ति में जिलाधिकारी अनुज सिंह व वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सतपाल अंतिल का विशेष सहयोग रहा है।
उन्होंने आगे बताया कि श्री काली माता जी मंदिर लालबाग मुरादाबाद मिश्री गिरि जी का टीला का प्रबंधक व कारोबारी महंत महाकाल गिरि महाराज चेला श्रीमहंत कृष्णानंद गिरि महाराज उर्फ श्रीमहंत गजकेशर गिरि महाराज तथा महंत हितेश्वर गिरि महाराज चेला श्रीमहंत कृष्णानंद गिरि महाराज उर्फ महामंडलेश्वर श्री राम शरण गिरि महाराज को नियुक्त किया गया है।
श्रीमहंत नारायण गिरि महाराज ने आगे बताया कि श्री काली माता मंदिर के अब तक महंत रहे सज्जन गिरी को जूना अखाड़ा दशाश्वमेध प्रयागराज भेजा गया है और प्राचीन सिद्ध पीठ श्री नौ देवी काली माता मंदिर के अब तक महंत रहे राम गिरी को दत्त मंदिर जूना अखाड़ा प्रयागराज स्थानांतरित किया गया है। जूना अखाड़े के अंतर्राष्ट्रीय प्रवक्ता व 13 मणि के मंत्री श्रीमहंत नारायण गिरि महाराज ने पत्रकारों को बताया उत्तर प्रदेश की योगी सरकार में संतों व गौमाता की सेवा हो रही है। समाज के हर वर्ग की सेवा हो रही है और उन्हें आगे बढाने का कार्य किया जा रहा है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ स्वयं संत हैं और गोरखनाथ मठ के पीठाधीश्वर हैं।-------------
हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल