सुबह-शाम खेतों एवं जंगल की ओर अकेले न जाएं ग्रामीण : प्रभागीय निदेशक
मुरादाबाद, 05 सितम्बर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद जनपद में दिन-प्रतिदिन तेंदुए के आतंक के दृष्टिगत सामाजिक वानिकी प्रभाग, मुरादाबाद में प्रभागीय निदेशक डॉ विनय कुमार सिंह ने शनिवार काे ग्रामीणों से स्वयं की सुरक्षा के लिए आवश्यक सावधानियां बरतने की अपील की है। प्रभागीय निदेशक ने अपील की है कि सुबह-शाम खेतों एवं जंगल की ओर अकेले न जाएं। हमेशा 3-4 लोगों के समूह में ही बाहर निकलें। बाहर जाते समय आवाज करते रहें, गाना गाएं अथवा हाथ में लाठी-डंडे बजाते हुए चलें। आवाज सुनकर तेंदुआ अपना रास्ता बदल सकता है।
प्रभागीय निदेशक डॉ विनय कुमार सिंह ने आगे कहा कि रात के समय विशेष सतर्कता बरतें। घर से निकलते समय हाथ में तेज रोशनी वाली टॉर्च एवं लाठी अवश्य रखें। बच्चों और मवेशियों की सुरक्षा का विशेष ध्यान रखें। छोटे बच्चों को घर से बाहर अकेला न छोड़ें तथा पालतू जानवरों एवं मवेशियों को सुरक्षित एवं बंद बाड़े में रखें।
यदि कहीं तेंदुआ दिखाई देता है तो तत्काल वन विभाग एवं पुलिस को सूचना दें और स्वयं तेंदुए के नजदीक जाने अथवा उसे पकड़ने का प्रयास न करें। रेस्क्यू टीमों द्वारा मुनादी, पम्पलेट एवं गोष्ठियों के माध्यम से ग्रामीणों को जागरूक किया जा रहा है। गांवों में गलियों एवं मार्गों पर वनकर्मियों द्वारा लाउडस्पीकर युक्त वाहनों से तेंदुओं से बचाव एवं वन्यजीवों से सुरक्षा संबंधी जानकारी दी जा रही है। साथ ही वन विभाग की टीमों द्वारा संवेदनशील गांवों के उच्च प्राथमिक विद्यालय, बाहपुर, बल्लमगढ़ पूर्व माध्यमिक विद्यालय, पीपली अहीर, कृपाल सिंह मेमोरियल स्कूल, बाहपुर आदि विद्यालयों में पहुंचकर छात्र-छात्राओं एवं शिक्षकों के माध्यम से तेंदुओं से बचाव के उपायों के बारे में जागरूक किया गया।
22 गांवों में 32 तथा कांठ के 8 गांवों में 8 पिंजड़े लगाए गए
लाउडस्पीकर युक्त वाहनों से प्रचार-प्रसार एवं मुनादी के माध्यम से ग्रामीणों को तेंदुए से बचाव एवं सावधानियों के संबंध में जागरूक किया जा रहा है। पीपली घनश्याम, कुंदरिया, जापरशाबाद, भगीपुरवाला, शिवनगर, कुड़ाखेड़ा यासला, भूड़, पीपली उमरपुर, नाहटवाला, मुड़िया खेड़ा एवं पाईंदापुर सहित 11 गांवों में जन-जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। तहसील ठाकुरद्वारा के लौंगी खुर्द एवं रतुपुरा सहित 22 गांवों में 32 ट्रैप केज, जबकि तहसील कांठ के 8 गांवों में 8 ट्रैप केज लगाए गए हैं।
हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल