मुरादाबाद में दिन भर हुई झमाझम बारिश, पानी से लबालब हुआ शहर
-मुरादाबाद का न्यूनतम तापमान 27 और अधिकतम 29 डिग्री सेल्सियस रहा
मुरादाबाद, 01 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद जनपद में बुधवार दिन भर मूसलाधार झमाझम बारिश हुई है। इससे जहां जिले में मौसम का मिजाज बदल गया वहीं इस बारिश से एमडीए और आवास विकास की कॉलोनियों के साथ गली -मोहल्लों और बाजारों में पानी भर गया। जल भराव से आवागमन में लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
इस बारिश से बीते एक पखवाड़े से भीषण गर्मी झेल रहे मुरादाबाद वासियों ने राहत की सांस ली। राजकीय इंटर कॉलेज में बनी मौसम प्रयोगशाला के अनुसार बुधवार को मुरादाबाद का न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया हैं। जो बीते एक सप्ताह में औसत तापमान से 6-6 डिग्री कम है। मौसम विशेषज्ञ प्रोफेसर एके सिंह ने बताया कि नौतपा समाप्त होने के बाद 10 जून से मुरादाबाद में गर्मी का पर दिन प्रतिदिन बढ़ता चला जा रहा था जो अधिकतम 42 डिग्री तक पहुंचा। अप्रैल और मई माह में कई दफा हुई बारिश से इस बार मानसून 10 दिन आगे खिसक गया, ज्यादातर 21-22 जून के बाद मानसून प्रारंभ हो जाता है। इस बार मानसून की बारिश 6 जुलाई के बाद शुरू होने के आसार लग रहे हैं।
उन्होंने आगे बताया कि गुरुवार को भी मुरादाबाद में बादल छाए रहेंगे और बारिश होगी। शुक्रवार को मौसम साफ रहेगा लेकिन शनिवार को फिर से बारिश होगी इस बारिश से भीषण गर्मी झेल रहे पीतल नगरीवासियों को काफी राहत मिलेगी। मानसून की बारिश जुलाई माह के दूसरे सप्ताह से प्रारंभ हो जाएगी।
------------
हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल