मुरादाबाद : जिलाधिकारी ने बारिश में देखा शहर का हाल, एसएसपी और नगर आयुक्त भी रहे साथ
मुरादाबाद , 28 सितंबर (हि.स.)। जिले में लगातार हो रही बारिश के बीच आमजन की सुविधाओं एवं आवश्यक व्यवस्थाओं का जायजा लेने के लिए जिलाधिकारी अनुनय झा ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सतपाल अंतिल एवं नगर आयुक्त हिमांशु कौशिक के साथ मुरादाबाद शहर के विभिन्न क्षेत्रों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने जल निकासी, विद्युत आपूर्ति, यातायात एवं प्रकाश व्यवस्था सहित आमजन से जुड़ी अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने सर्वप्रथम बुद्धि विहार क्षेत्र में नगर निगम द्वारा जल निकासी हेतु संचालित समवेल का निरीक्षण किया। समवेल सक्रिय स्थिति में पाया गया। उन्होंने जलभराव की स्थिति में समवेल के संचालन, उसकी क्षमता, आउटलेट एवं अन्य व्यवस्थाओं के संबंध में अपर नगर आयुक्त अतुल कुमार एवं अपर नगर आयुक्त अजीत कुमार से विस्तृत जानकारी प्राप्त की।
इसके पश्चात जिलाधिकारी ने दिल्ली रोड स्थित गागन नदी में आउटलेट के रूप में उपयोग किए जा रहे प्रमुख नाले का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान नाले से पानी का आउटलेट सुचारू रूप से होता हुआ पाया गया। जिलाधिकारी अनुनय सिंह ने निर्देश दिए कि शहर में जल निकासी व्यवस्था को लगातार प्रभावी बनाए रखा जाए तथा सभी प्रमुख नालों एवं जल निकासी बिंदुओं की नियमित निगरानी सुनिश्चित की जाए। जिलाधिकारी ने कहा कि शहर में कहीं भी जलभराव की स्थिति उत्पन्न न हो, इसके लिए सभी वार्डों में व्यापक स्तर पर निगरानी रखी जाए। जहां कहीं भी जलभराव की स्थिति सामने आए, वहां तत्काल टीम लगाकर जल निकासी की प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। उन्होंने जल निकासी से जुड़े सभी संसाधनों एवं व्यवस्थाओं को सक्रिय स्थिति में रखने के भी निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने शहर में यातायात प्रबंधन, प्रमुख चौराहों एवं मार्गों पर प्रकाश व्यवस्था आदि के संबंध में भी अधिकारियों से जानकारी प्राप्त की। इसके उपरांत जिलाधिकारी ने पीटीसी विद्युत उपकेंद्र का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी नगर अंकुर श्रीवास्तव, सिटी मजिस्ट्रेट युवराज सिंह सहित संबंधित विभागों के अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल