प्रशासन से गौ रक्षा आंदोलन में दर्ज मुकदमे निरस्त करने की मांग

 


मुरादाबाद, 02 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद मुरादाबाद में अंतरराष्ट्रीय हिन्दू परिषद एवं राष्ट्रीय बजरंग दल के तत्वावधान में गुरुवार काे बैठक आयोजित की गई। इसमें सर्वसम्मति से यह निर्णय लिया गया कि गौ रक्षा आंदोलन के दौरान दर्ज किया मुकदमा निरस्त किया जाए। 2 दिन पूर्व राष्ट्रीय बजरंग दल के द्वारा हरिद्वार मुरादाबाद हाईवे पर गौ रक्षा को लेकर जाम लगाकर प्रदर्शन किया गया था।

बैठक में उपस्थित पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने कहा कि गौ रक्षा हेतु किए गए शांतिपूर्ण आंदोलन को लेकर कार्यकर्ताओं पर दर्ज मुकदमे दुर्भाग्यपूर्ण हैं। संगठन का प्रतिनिधि मंडल जिलाधिकारी के समक्ष इस विषय को गंभीरता से रखते हुए न्यायोचित कार्यवाही एवं मुकदमों की समीक्षा/निरस्तीकरण की मांग करेगा। राष्ट्रीय बजरंग दल के प्रांत अध्यक्ष रोहन सक्सेना ने स्पष्ट किया कि संगठन सदैव गौ माता की रक्षा एवं जनहित के कार्यों के लिए प्रतिबद्ध रहा है और आगे भी इसी दिशा में कार्य करता रहेगा। बैठक में निर्णय टोली के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

----------

हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल