वाराणसी में रेलवे का मॉक ड्रिल - एमबीडी स्पेशल ट्रेन का पांचवां कोच हुआ डिरेल
वाराणसी, 20 नवम्बर (हि. स.)। पूर्वोत्तर रेलवे के वाराणसी मण्डल रेल हादसाें के वक्त सक्रियता परखने के लिये माॅकड्रिल किया गया और अधिकारी सक्रिय दिखे। रेलवे के नियंत्रण कक्ष से शुक्रवार को सूचना दी गई कि गाड़ी संख्या डाउन एमबीडी स्पेशल ट्रेन (00315) का पांचवा कोच संख्या 023426, बनारस – वाराणसी रेल खण्ड के मध्य बनारस यार्ड की लाइन नंबर 24 पर डिरेल हो गया है। जिसमें पांच यात्रियों के घायल होने की सूचना है। घटना की सूचना मिलते ही एसआरटी, एआरएमई (दुर्घटना राहत यान एवं चिकित्सा राहत यान) को तत्काल दुर्घटना स्थल के लिए रवाना किया गया तथा सम्बन्धित अधिकारी एवं पर्यवेक्षक घटना स्थल पर पहुँच गये।
इसके साथ ही एनडीआरएफ, आरपीएफ, स्थानीय पुलिस, स्काउट एंड गाइड के वॉलंटियर्स तथा रेलवे चिकित्सक एवं पैरा मेडिकल स्टाफ भी घटना स्थल पर आये। राहत एवं बचाव कार्य में सभी संयुक्त रूप से अपनी भूमिका का बखूबी निर्वहन किया। यह एक सफल मॉक ड्रिल था। उक्त जानकारी अपर मंडल रेल प्रबंधक (ऑपरेशन) अशोक कुमार वर्मा ने दिया।
अपर मंडल रेल प्रबंधक (ऑपरेशन) अशोक कुमार वर्मा ने कहा कि मॉक ड्रिल में घटना स्थल पर दुर्घटना राहत यान एवं चिकित्सा राहत यान का तत्काल पहुंचना, सभी तकनीकों का प्रयोग कर राहत व बचाव कार्य करना, साईट पर अस्थाई नियन्त्रण केंद्र स्थापित करना, प्रोटोकाल के अनुसार कर्मचारियों एवं अधिकारियों द्वारा दुर्घटना साईट पर पहुँच कर अपनी जिम्मेवारियों का निर्वहन, दुर्घटना प्रभावों को न्यूनतम करने हेतु त्वरित कार्य करना एवं यात्रियों को संरक्षित ढंग से निकाला जाना, संरक्षा सम्बन्धी अन्य कार्य- आपातकालीन खिड़कियाँ खोलना, कटर एवं वेल्डिंग मशीन का प्रयोग कर फंसे यात्रियों को निकालना, प्राथमिक उपचार देना, आपातकालीन परिस्थितियों में प्रबंधन, आपदा निवारण टूल्स के प्रयोग से ट्रैक क्लियरेंस, कोच रिस्टोरेशन एवं सामान्य वर्किंग बहाल करने का अभ्यास कार्य किया गया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / शरद