मोबाइल टावर पर चढ़ा युवक, प्रेमिका से शादी करने की जिद
फिरोजाबाद, 16 मई (हि.स.)। थाना टूंडला क्षेत्र अन्तर्गत शनिवार को एक युवक अपनी प्रेमिका से शादी कराने की मांग को लेकर मोबाइल टावर पर चढ़ गया। पुलिस की कड़ी मशक्कत के बाद युवक खुद ही नीचे उतर आया। जिसके बाद पुलिस उसे थाने ले गई।
थाना टूंडला क्षेत्र के गांव मोहम्मदाबाद निवासी अंकित पुत्र महावीर सिंह शनिवार को गांधी नगर स्थित एक स्कूल के पीछे लगे मोबाइल टावर पर चढ़ गया। युवक को टावर पर चढ़ा देख आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई और उन्होंने पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। मौके पर पहुंची पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने युवक को काफी देर तक समझाने का प्रयास किया। इस दौरान युवक की प्रमिका से फोन पर बातचीत भी कराई गई, ताकि उसे शांत किया जा सके। करीब पांच घंटे के अथक प्रयासों के बाद युवक स्वयं ही टावर से नीचे उतर आया। इसके बाद पुलिस उसे पूछताछ के लिए थाने ले गई। अंकित का कहना था कि वह मैनपुरी जनपद के घिरोर क्षेत्र की एक युवती से प्रेम करता है और उससे शादी करना चाहता है।
बताया गया है कि परिजनों द्वारा शादी से इनकार किए जाने पर युवक तनाव में आ गया और टावर पर चढ़कर आत्महत्या की धमकी देने लगा।
क्षेत्राधिकारी टूंडला अरुण कुमार चौरसिया ने बताया कि युवक प्रेम प्रसंग के चलते तनाव में था और समझाने-बुझाने के बाद उसे सकुशल नीचे उतार लिया गया है।
हिन्दुस्थान समाचार / कौशल राठौड़