सामाजिक असमानता खत्म होने तक जारी रहना चाहिए आरक्षण : डॉ. लालजी प्रसाद निर्मल

 


लखनऊ, 24 सितंबर (हि.स.)। आरक्षण का उद्देश्य किसी को नुकसान पहुंचाना नहीं, बल्कि सामाजिक अन्याय को दूर कर वंचित वर्गों को समान अवसर और प्रतिनिधित्व सुनिश्चित करना है। सामाजिक असमानता समाप्त होने तक आरक्षण की व्यवस्था जारी रहनी चाहिए। यह बात विधान परिषद सदस्य एवं डॉ. आंबेडकर महासभा ट्रस्ट के अध्यक्ष डॉ. लालजी प्रसाद निर्मल ने गुरुवार को कही।

डॉ. निर्मल प्रदेश की राजधानी लखनऊ में डॉ. आंबेडकर महासभा परिसर स्थित रमाबाई आंबेडकर सभागार में ‘आरक्षण की प्रासंगिकता एवं डॉ. आंबेडकर’ विषय पर आयोजित सेमिनार को बतौर मुख्य अतिथि संबोधित कर रहे थे।

उन्होंने कहा कि राजनीतिक लोकतंत्र तब तक अधूरा है जब तक सामाजिक लोकतंत्र स्थापित नहीं हो जाता। उन्होंने कहा कि आरक्षण सामाजिक लोकतंत्र की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। इसे समय के साथ अधिक प्रभावी और उद्देश्यपूर्ण बनाया जाना चाहिए।

महाबोधि सोसाइटी ऑफ इंडिया के कार्यकारिणी सदस्य जयशंकर सहाय ने आरक्षण को ‘प्रतिनिधित्व का अधिकार’ बताते हुए कहा कि यह लोकतंत्र की आधारशिला है। उन्होंने कहा कि बाबासाहब डॉ. आंबेडकर ने लंबे संघर्ष के बाद पूना पैक्ट के माध्यम से वंचित वर्गों के प्रतिनिधित्व के अधिकार को राजनीतिक व्यवस्था में स्थान दिलाया।

लखनऊ विश्वविद्यालय के हिंदी विभाग के पूर्व विभागाध्यक्ष डॉ. कालीचरण स्नेही ने दलित उत्पीड़न की विभिन्न घटनाओं का उल्लेख करते हुए आरक्षण को आवश्यक बताया। उन्होंने कहा कि उच्च न्यायपालिका, उच्च शिक्षण संस्थानों और निजी क्षेत्र में दलितों का प्रतिनिधित्व अभी भी अपेक्षाकृत कम है। ऐसे में आरक्षण की आवश्यकता और प्रासंगिकता पर गंभीरता से विचार किया जाना चाहिए।

लोकपाल आर.आर. जैसवार ने कहा कि संविधान में आरक्षण का प्रावधान डॉ. आंबेडकर के निरंतर संघर्ष का परिणाम है। आंबेडकर महासभा के प्रदेश अध्यक्ष प्रमोद सरोज ने बाबासाहब के सामाजिक और संवैधानिक योगदान पर प्रकाश डाला।

सेमिनार की अध्यक्षता प्रदेश अध्यक्ष प्रमोद सरोज ने की, जबकि संचालन खुशीराम चौधरी ने किया। कार्यक्रम में अमरनाथ प्रजापति, दिनेश कुमार, आईडी यादव, रचना चंद्रा, रामशंकर, जितेंद्र वाल्मीकि, ऋतु दिवाकर, रामचंद्र पटेल, सिद्धार्थ सोनकर, भंते प्रज्ञासार, रामधार राकेश, नागेंद्र निराला और विजय कुमार समेत बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मोहित वर्मा