भाजपा ने केदारनाथ सिंह व डॉ. प्रमोद मिश्र को बनाया प्रत्याशी, कार्यकर्ताओं में हर्ष

 


—स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से केदारनाथ सिंह और शिक्षक सीट से डॉ. प्रमोद कुमार मिश्र की उम्मीदवारी,जीत के लिए जुटेंगे कार्यकर्ता

वाराणसी, 29 सितम्बर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के वाराणसी खंड स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से केदारनाथ सिंह और वाराणसी खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से डॉ. प्रमोद कुमार मिश्र को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने उम्मीदवार बनाया है। पार्टी नेतृत्व के इस फैसले पर जनप्रतिनिधियों और पदाधिकारियों ने खुशी जताई है। दोनों उम्मीदवारों ने अपने चयन पर भाजपा के शीर्ष नेतृत्व के प्रति आभार जताया है।

पार्टी के नेताओं ने मंगलवार शाम को कहा कि वरिष्ठ, कर्मठ और अनुभवी कार्यकर्ताओं को चुनाव मैदान में उतारा गया है। दोनों प्रत्याशियों के पक्ष में संगठन पूरी ताकत से जुटेगा और उत्तर प्रदेश की सभी 11 विधान परिषद सीटों पर भाजपा का परचम फहराने के लिए कार्य किया जाएगा। प्रत्याशियों की घोषणा के बाद खुशी जताने वालों में प्रदेश के राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) रविंद्र जायसवाल, राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) डॉ. दयाशंकर मिश्र ‘दयालु’, राज्य मंत्री हंसराज विश्वकर्मा, काशी क्षेत्र अध्यक्ष अशोक चौरसिया, जिलाध्यक्ष राम सकल पटेल, महानगर अध्यक्ष प्रदीप अग्रहरि, विधायक डॉ. नीलकंठ तिवारी, विधायक सौरभ श्रीवास्तव, विधायक डॉ. अवधेश सिंह, विधायक टी. राम, महापौर अशोक तिवारी, जिला पंचायत अध्यक्ष पूनम मोर्या, क्षेत्र उपाध्यक्ष नवरतन राठी, अमित राय आदि रहे। बताते चले भाजपा प्रत्याशी केदार नाथ सिंह को 2020 के चुनाव में सपा के आशुतोष सिन्हा ने पराजित किया था। अब 2026 के चुनाव में भाजपा ने केदार नाथ सिंह को फिर अपना प्रत्याशी बनाया है और आशुतोष सिन्हा फिर सपा के उम्मीदवार हैं। माना जा रहा है कि भाजपा और सपा में ही सीधा टक्कर है। वाराणसी खंड स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के निर्वाचन कार्यक्रम की घोषणा के साथ ही मंगलवार से नामांकन प्रक्रिया भी शुरू हो गई है। नामांकन दाखिल करने की अंतिम तिथि छह अक्तूबर है। स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के उम्मीदवार आयुक्त कार्यालय परिसर स्थित अपर आयुक्त (प्रशासन) के न्यायालय कक्ष में और शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के लिए उम्मीदवार अपर आयुक्त (द्वितीय) के न्यायालय कक्ष में नामांकन करेंगे।

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी