एमएलसी स्नातक चुनाव के लिए बांदा में 22 मतदेय स्थल प्रस्तावित, जिलाधिकारी ने की समीक्षा
-19,743 मतदाता करेंगे मताधिकार का प्रयोग
बांदा, 24 सितंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश विधान परिषद द्विवार्षिक निर्वाचन-2026 के इलाहाबाद-झांसी खंड स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के चुनाव को लेकर जिला निर्वाचन अधिकारी/जिलाधिकारी अमित आसेरी की अध्यक्षता में गुरुवार को कलेक्ट्रेट सभागार में बैठक हुई। इसमें तैयार किए गए मतदेय स्थलों के प्रस्ताव पर मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय एवं राज्यीय राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों तथा सहायक निर्वाचन रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों के साथ चर्चा की गई।
जिलाधिकारी ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग ने विधान परिषद द्विवार्षिक निर्वाचन का कार्यक्रम 22 सितंबर को घोषित कर दिया है। इसके तहत 29 सितंबर को अधिसूचना जारी होगी। नामांकन की अंतिम तिथि छह अक्टूबर, नामांकन पत्रों की संवीक्षा सात अक्टूबर और नाम वापसी नौ अक्टूबर को होगी। मतदान 23 अक्टूबर को सुबह आठ बजे से शाम चार बजे तक कराया जाएगा, जबकि मतगणना 27 अक्टूबर को होगी। निर्वाचन प्रक्रिया 31 अक्टूबर तक पूरी कर ली जाएगी।
जनपद में कुल 19,743 स्नातक मतदाता हैं। इनमें 14,223 पुरुष और 5,520 महिला मतदाता शामिल हैं। वर्ष 2020 के चुनाव में जिले में 18 मतदेय स्थल थे। इस बार 1,400 से अधिक मतदाताओं वाले चार मतदेय स्थलों पर सहायक बूथ प्रस्तावित किए गए हैं। इनमें 173-अ, 182-अ, 188-अ और 189-अ शामिल हैं। इस तरह जिले में कुल 22 मतदेय स्थलों का प्रस्ताव तैयार किया गया है।
जिलाधिकारी ने बताया कि सभी मतदेय स्थल सरकारी भवनों में बनाए गए हैं और उनका संबंधित एसडीएम द्वारा भौतिक सत्यापन भी कराया जा चुका है। मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों की बैठक 19 सितंबर को आयोजित की गई थी। मतदेय स्थलों को लेकर किसी भी प्रकार की आपत्ति या सुझाव निर्वाचन कार्यालय में लिखित रूप से दिए जा सकते हैं। उन्होंने बताया कि आयोग के निर्देशानुसार कानपुर नगर, कानपुर देहात और उन्नाव को छोड़कर उत्तर प्रदेश के शेष जिलों में आदर्श आचार संहिता लागू हो गई है। बैठक में अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व सहित संबंधित राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अनिल सिंह