(अपडेट )भाजपा प्रत्याशी केदारनाथ सिंह ने दाखिल किया नामांकन, जुलूस में उमड़ा जनसैलाब
वाराणसी, 05 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश विधान परिषद के वाराणसी खंड स्नातक निर्वाचन-2026 के लिए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रत्याशी केदारनाथ सिंह ने सोमवार को कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। उन्होंने दोपहर एक बजे एक सेट में नामांकन पत्र दाखिल किया।नामांकन से पहले भाजपा ने शक्ति प्रदर्शन करते हुए भव्य जुलूस निकाला। जुलूस नदेसर स्थित मिंट हाउस से शुरू होकर कमिश्नरी परिसर पहुंचा। इसमें प्रदेश सरकार के मंत्री, विधान परिषद सदस्य, विधायक, पार्टी पदाधिकारी तथा बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता और समर्थक शामिल हुए।
नामांकन से पूर्व केदारनाथ सिंह ने भाजपा नेतृत्व के प्रति आभार जताते हुए कहा कि पार्टी ने उन पर जो विश्वास जताया है, उसके लिए वह कृतज्ञ हैं। उन्होंने कहा कि पार्टी के सभी नेताओं, पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के सहयोग से चुनाव में बड़ी जीत हासिल करेंगे। उन्होंने स्नातक मतदाताओं को भरोसा दिलाया कि निर्वाचित होने के बाद स्नातकों से जुड़े मुद्दों को प्राथमिकता के आधार पर विधान परिषद में उठाया जाएगा और उनके समाधान के लिए प्रभावी प्रयास किए जाएंगे।
नामांकन जुलूस में उत्तर प्रदेश सरकार के वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री सुरेश खन्ना, एमएलसी एवं वाराणसी जिला व महानगर प्रभारी अरुण पाठक, कैबिनेट मंत्री अनिल राजभर, राज्य मंत्री स्वतंत्र प्रभार रविन्द्र जायसवाल, राज्य मंत्री गिरीश यादव, आयुष मंत्री डॉ. दयाशंकर मिश्र ‘दयालु’, राज्यमंत्री हंसराज विश्वकर्मा, प्रदेश महामंत्री दिलीप पटेल, डॉ. शिवनाथ यादव, प्रदेश उपाध्यक्ष शंकर गिरी, प्रदेश कोषाध्यक्ष मनीष कपूर, सांसद सीमा द्विवेदी और महापौर अशोक तिवारी प्रमुख रूप से शामिल रहे।इसके अलावा विधायक डॉ. नीलकंठ तिवारी, टी. राम, डॉ. अवधेश सिंह, सुशील सिंह, सौरभ श्रीवास्तव और रमेश जायसवाल, जिला पंचायत अध्यक्ष पूनम मौर्या, सुरेंद्र नारायण सिंह ‘ओढ़े’, जिला अध्यक्ष राम सकल पटेल, महानगर अध्यक्ष प्रदीप अग्रहरि, विधान परिषद सदस्य धर्मेंद्र राय, राकेश सिंह अलगू, अशोक पांडेय, मीना चौबे, कौशलेन्द्र सिंह पटेल, क्षेत्र उपाध्यक्ष नवरतन राठी, अनिल श्रीवास्तव, सुधीर मिश्रा, संतोष सोलापुरकर, रत्नाकर मिश्रा और जगदीश त्रिपाठी सहित बड़ी संख्या में पार्टी नेता व कार्यकर्ता मौजूद रहे। केदारनाथ सिंह के नामांकन पत्र के प्रस्तावकों में डॉ. विनोद राय, संजय सिंह, आशुतोष कुमार सिंह, रामदयाल सिंह, डॉ. रविन्द्र सिंह, संदीप राय एडवोकेट और प्रमोद सिंह समेत कुल दस प्रस्तावक शामिल रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी