जब अंडरपास में फंसी विधायक की कार, लाेगाें ने किया वीडियाे वायरल
- आम लोगों की रोज की परेशानी का बुधवार को विधायक ने खुद लिया ‘ट्रायल’, ट्रैक्टर से बाहर निकली कार
मीरजापुर, 16 सितंबर (हि.स.)। विंध्याचल क्षेत्र के अकोढ़ी गांव का रेलवे अंडरपास बुधवार को अचानक सुर्खियों में आ गया। वजह कोई नई सड़क नहीं, बल्कि सदर विधायक रत्नाकर मिश्र की कार थी, जो अंडरपास के दक्षिणी छोर पर कीचड़ में ऐसी फंसी कि ‘आगे बढ़ने’ का रास्ता ही बंद हो गया।
क्षेत्र भ्रमण से लौट रहे विधायक की कार अंडरपास में फंसी तो विधायक को कार से उतरकर काफी देर तक बाहर खड़ा रहना पड़ा। किसी ने इसका वीडियो बना लिया और सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। वीडियो सामने आते ही मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। आखिरकार ट्रैक्टर बुलाया गया और टोचन कर कार को कीचड़ से बाहर निकाला गया।
बरसात में यही अंडरपास स्थानीय लोगों के लिए मुसीबत बना रहता है। जल जमाव और कीचड़ के कारण बाइक सवारों से लेकर दूसरे वाहन चालकों तक को यहां से गुजरने में परेशानी होती है। अकोढ़ी के साथ बबुरा, तिलई, ऊंचडीह, सुपंथा और जोपा गांवों के लोगों का भी इसी मार्ग से आवागमन होता है। मौके पर खड़े लोग चुटकी लेते नजर आए कि जिस रास्ते की परेशानी आम लोग रोज झेलते हैं, उसका ‘व्यावहारिक परीक्षण’ अब विधायक जी की कार ने भी कर लिया।
विधायक रत्नाकर मिश्र ने कहा कि वह क्षेत्र भ्रमण के बाद लौट रहे थे। उन्होंने रेलवे लाइन पर ओवरब्रिज की बहुप्रतीक्षित मांग पूरी कराने के लिए प्रयास जारी रखने की बात कही। उधर, कार फंसने का वीडियो वायरल होने के बाद विपक्षी नेताओं को भी सियासी तंज कसने का मौका मिल गया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा