विधायक डॉ नीलकंठ ने पांच निक्षय मित्रों एवं तीन टीबी चैंपियनों को प्रशस्ति पत्र देकर किया सम्मानित
वाराणसी, 24 मार्च (हि. स.)। विश्व टीबी दिवस के अवसर पर मंगलवार को कबीरचौरा स्थित मंडलीय चिकित्सालय में जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन हुआ। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि रहे शहर दक्षिणी विधायक डॉ. नीलकंठ तिवारी ने टीबी अभियान की सराहना करते हुए कहा कि वाराणसी ने सामाजिक सुधार के क्षेत्र में एक नई मिसाल कायम की है। जन सहभागिता ही इसकी सफलता का प्रमुख आधार है। स्वास्थ्य विभाग के लोगों को भी अभियान में अपनी भूमिका ईमानदार रखनी होगी।
इस दौरान विधायक डॉ. नीलकंठ तिवारी में पचास टीबी मरीजों को पोषण पोटली का वितरण किया। साथ ही, विधायक ने पांच निक्षय मित्रों एवं तीन टीबी चैंपियनों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। इन सभी का इस अभियान को सफल बनाने में महत्वपूर्ण योगदान रहा है।
सम्मानित निक्षय मित्रों में डॉ. स्वर्णलता सिंह, डॉ. कामाख्या जायसवाल, उजाला हॉस्पिटल रामनगर, गंगा सेवा सदन अस्पताल तथा रोटरी क्लब वाराणसी नॉर्थ शामिल रहे।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. राजेश प्रसाद ने कहा कि जिला प्रशासन ने वाराणसी को पूर्णतः टीबी मुक्त बनाने का संकल्प लिया है। इसके लिए आम जनता, जनप्रतिनिधियों एवं प्रशासनिक तंत्र के बीच समन्वय एवं सहयोग अत्यंत आवश्यक है। इस अवसर पर एसआईसी डॉ बृजेश कुमार , डीटीओ, सीएमओ, रोटरी क्लब के पदाधिकारी, डिप्टी डीटीओ वाराणसी, सम्मानित ग्राम पंचायतों के ग्राम प्रधान एवं समस्त एनटीईपी परिवार के सदस्य उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / शरद