गंगा कटान पर गंभीर हुए विधायक, अफसरों संग किया स्थलीय निरीक्षण
मीरजापुर, 01 अगस्त (हि.स.)। चुनार क्षेत्र के गंगा किनारे बसे ढाब क्षेत्र के गांवों में लगातार हो रही कटान की समस्या को लेकर शनिवार को विधायक अनुराग सिंह ने सिंचाई विभाग के मुख्य अभियंता एसके सिंह, अधिशासी अभियंता हरिशंकर प्रसाद व अन्य अधिकारियों के साथ जलालपुर माफी, बगहीं, शिवपुर गंगपुर और बाराह पत्थर ऐबकपुर गांवों का स्थलीय निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने कटान प्रभावित क्षेत्रों का जायजा लिया और ग्रामीणों से बातचीत कर नुकसान व बचाव के उपायों की जानकारी ली। विधायक ने कहा कि किसानों की उपजाऊ भूमि और गांवों की आबादी को बचाने के लिए केवल अस्थायी नहीं, बल्कि स्थायी कटानरोधी योजना तैयार की जानी चाहिए।
उन्होंने बताया कि निरीक्षण के आधार पर विस्तृत रिपोर्ट तैयार कर शासन को भेजी जाएगी, ताकि प्रभावित गांवों के लिए स्थायी समाधान सुनिश्चित कराया जा सके। इस दौरान सहायक अभियंता मनीष कुमार सहित विभागीय अधिकारी, जनप्रतिनिधि, कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा