बाढ़ पीड़ितों के बीच पहुंचे विधायक शशांक वर्मा, एसडीएम के साथ बांटी राहत किट
लखीमपुर खीरी, 21 अगस्त (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी जिले में बाढ़ की त्रासदी झेल रहे परिवारों तक त्वरित मदद पहुंचाने के क्रम में शुक्रवार को निघासन तहसील क्षेत्र के बाढ़ पीड़ितों को व्यापक राहत सामग्री वितरित की गई। तहसील व विकासखंड निघासन के अत्यधिक प्रभावित मजरा नया पुरैना, पुराना पुरैना तथा ग्राम सेमरापुरवा के बाशिंदों को मंडी लुधौरी में निघासन विधायक शशांक वर्मा एवं एसडीएम यदुवीर सिंह ने संयुक्त रूप से राहत किटें सौंपीं।
मंडी लुधौरी परिसर में आयोजित वितरण कार्यक्रम में विधायक शशांक वर्मा ने प्रभावित परिवारों से सीधा संवाद किया और स्वयं अपने हाथों से लाभार्थियों को राहत किट प्रदान की। विधायक ने ग्रामीणों की समस्याएं गंभीरता से सुनते हुए आश्वस्त किया कि संकट की इस घड़ी में प्रदेश सरकार पूरी संवेदनशीलता के साथ हर पीड़ित परिवार के साथ खड़ी है। उन्होंने स्पष्ट किया कि शासन की प्राथमिक मंशा यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी जरूरतमंद राहत से वंचित न रहे।
राहत किट में शामिल है जरूरी सामान
लाभार्थियों को वितरित की गई व्यापक किट में खाद्य सामग्री और दैनिक उपयोग की वस्तुएं शामिल हैं। इसमें 10 किग्रा आटा, 10 किग्रा चावल, 10 किग्रा आलू, 02 किग्रा अरहर दाल, 2.5 किग्रा लाई, 02 किग्रा भुना चना, 02 किग्रा गैर-भुना चना, 01 किग्रा चीनी, 01 किग्रा नमक, 01 लीटर तेल, 10 पैकेट बिस्कुट तथा आवश्यक मसाले (हल्दी, मिर्च, सब्जी मसाला) दिए गए।
इसके अतिरिक्त आपदा प्रबंधन के तहत 18 लीटर की बाल्टी, मग, 12×10 वर्गफुट का वाटरप्रूफ त्रिपाल, मोमबत्ती व माचिस प्रदान की गई। वहीं स्वच्छता और स्वास्थ्य के दृष्टिगत किट में 20 सैनिटरी पैड, नहाने व कपड़े धोने के साबुन, 100 एमएल एंटीसेप्टिक लोशन, तौलिया, सूती कपड़ा और डिस्पोजेबल बैग भी शामिल रहे।
जरूरी सामग्री पाकर ग्रामीणों ने राहत महसूस की। प्रशासन प्रभावित इलाकों में सतत निगरानी बनाए हुए है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / देवनन्दन श्रीवास्तव