मिशन शक्ति के तहत छात्राओं को मिला योग का मंत्र, दो दिवसीय प्रशिक्षण शुरू
मीरजापुर, 23 मार्च (हि.स.)। पतंजलि युवा भारत उत्तर प्रदेश (पूर्व) की ओर से सोमवार को नगर के केबी पीजी कॉलेज में मिशन शक्ति के अंतर्गत महिला सशक्तिकरण को लेकर दो दिवसीय नि:शुल्क योग प्रशिक्षण शिविर का शुभारंभ हुआ। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्राओं ने भाग लेकर योग के विभिन्न आसनों का अभ्यास किया।
प्रशिक्षण के दौरान राष्ट्रीय योगासन जज गुरु योगी ज्वाला सिंह ने छात्राओं को यौगिक जॉगिंग के साथ ताड़ासन, ऊर्ध्वताड़ासन, कोणासन, त्रिकोणासन, वृक्षासन, ध्रुवासन और पादहस्तासन जैसे खड़े होकर किए जाने वाले आसनों का अभ्यास कराया। उन्होंने योग के शारीरिक, मानसिक और आध्यात्मिक लाभों की विस्तार से जानकारी देते हुए कहा कि नियमित योग अभ्यास से जीवन की दिशा सकारात्मक बनती है और व्यक्ति स्वस्थ व संतुलित रहता है। उन्होंने छात्राओं को प्रतिदिन कम से कम एक घंटे योग करने की सलाह दी।
महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. रविंद्र कुमार द्विवेदी ने कहा कि बदलते परिवेश में बच्चों में विभिन्न बीमारियां तेजी से बढ़ रही हैं। ऐसे में योग ही एकमात्र ऐसा माध्यम है, जिससे बिना दवाओं के स्वस्थ जीवन जिया जा सकता है। उन्होंने छात्राओं से नशामुक्त और अनुशासित जीवन अपनाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम संयोजक डॉ. प्रतिमा भारतीय ने कहा कि इस प्रशिक्षण का उद्देश्य छात्राओं को आत्मनिर्भर और स्वस्थ बनाना है। उन्होंने प्रतिभागियों से योग को जीवनशैली में अपनाने का संकल्प लेने की अपील की। इस दौरान प्रवीण आर्य, डॉ. शिव प्रसाद, डॉ. गुरु प्रसाद ओझा, डॉ. संगीता मालवीया, डॉ. शरद मेहरोत्रा सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा