शारदीय नवरात्र में मिशन शक्ति अभियान के छठें चरण की शुरूआत, वाराणसी में पैदल यात्रा

 




वाराणसी, 12 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में महिलाओं एवं बालिकाओं को सुरक्षा, सम्मान एवं स्वावलम्बन के लिए मिशन शक्ति के छठें चरण की शुरूआत शारदीय नवरात्र में हुई। सोमवार को इस अभियान के तहत वाराणसी में पुलिस उपायुक्त जोन काशी के नेतृत्व अपर पुलिस उपायुक्त महिला अपराध नम्रिता श्रीवास्तव के पर्यवेक्षण में थाना कोतवाली से पैदल मार्च निकाली गई।

इस जागरूकता मार्च का शुभारंभ अपर पुलिस आयुक्त कानून एवं व्यवस्था शिवहरि मीणा और पुलिस उपायुक्त(डीसीपी) जोन काशी ने किया। इसमें पुलिस बल, मनचला विरोधी दस्ता, महिला पुलिसकर्मियों, शिक्षिकाओं, छात्राओं और सामाजिक संस्थाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

अपर पुलिस आयुक्त शिवहरि मीणा ने बताया कि महिला सुरक्षा, लैंगिक समानता, नारी सम्मान एवं महिला सशक्तीकरण का संदेश जन-जन तक पहुंचाने के लिए यह अभियान चलाया जा रहा है। महिलाओं और छात्राओं को उनके प्रति होने वाले अपराधों के खिलाफ जागरूक करना और निर्भीक होकर अपनी बात रखने हेतु प्रेरित करना भी इस अभियान का उद्देश्य है।

पुलिस अफसरों के अनुसार,आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित सहायता के लिए उपलब्ध सहायता संख्या— 1090 (महिला शक्ति सेवा), 112 (आपातकालीन सेवा), 1076 (मुख्यमंत्री सेवा), और 1930 (साइबर अपराध सेवा) का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जा रहा है।

पैदल मार्च थाना कोतवाली से मैदागिन, बुलानाला, ठठेरी बाजार, श्री काशी विश्वनाथ धाम मन्दिर होते हुए मदनपुरा से गोदौलिया तक गया, जहाँ आम जनमानस और महिलाओं को जागरूक करने वाले पोस्टर व पम्फलेट वितरित किए गए।

——कमिश्नरेट वाराणसी पुलिस की आमजन से अपील

मिशन शक्ति 6.0 केवल एक अभियान नहीं, बल्कि महिलाओं में आत्मविश्वास और आत्मनिर्भरता जगाने का एक सशक्त जन-आंदोलन है। महिलाओं की सुरक्षा सरकार एवं पुलिस प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। वाराणसी पुलिस आमजन से अपील करती है कि महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान एवं सशक्तीकरण सुनिश्चित करने में सक्रिय सहभागिता निभाएं।

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी