तीन साल से लापता रायबरेली की महिला वाराणसी में मिली, पुलिस ने परिजनों को सौंपा
—पति और ग्राम प्रधान ने की पहचान, महिला के सकुशल मिलने से परिवार ने ली राहत की सांस
वाराणसी, 30 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के रायबरेली जिले से तीन साल पहले लापता हुई 55 वर्षीय महिला शुक्रवार को वाराणसी के चौबेपुर क्षेत्र में मिल गई। चंद्रावती घाट के पास महिला के मिलने की सूचना पर पहुंची चौबेपुर पुलिस ने उसे सुरक्षित थाने पहुंचाया और परिजनों से संपर्क कर उन्हें इसकी जानकारी दी। पहचान की पुष्टि होने के बाद पुलिस ने महिला को उसके पति और ग्राम प्रधान की सुपुर्दगी में सौंप दिया।
जानकारी के अनुसार, चौबेपुर क्षेत्र में महिला को देखकर स्थानीय सामाजिक कार्यकर्ता सिद्धार्थ ने पुलिस को सूचना दी थी। मौके पर पहुंची पुलिस महिला को सुरक्षित थाने ले आई। पुलिस के मुताबिक, महिला मानसिक रूप से अस्वस्थ प्रतीत हो रही थी। काफी प्रयास के बाद वह अपना नाम और पता बता सकी।
इसके बाद उपनिरीक्षक दुर्गेश मिश्रा और महिला उपनिरीक्षक पूजा गुप्ता ने महिला द्वारा बताए गए पते के आधार पर रायबरेली जिले के लालगंज थाना क्षेत्र स्थित यूसुफपुर गांव में उसके परिजनों से संपर्क किया। महिला की पहचान गंगा देवी (55) पत्नी शिवकुमार उर्फ मुन्नी के रूप में हुई।
सूचना मिलने पर महिला के पति शिवकुमार और गांव के ग्राम प्रधान नरेंद्र सिंह उर्फ बबलू सिंह चौबेपुर थाने पहुंचे। दोनों ने महिला की पहचान गंगा देवी के रूप में की। परिजनों ने पुलिस को बताया कि गंगा देवी पिछले तीन वर्षों से लापता थीं और उनकी काफी तलाश की जा रही थी।
पहचान और पते की पुष्टि के बाद चौबेपुर पुलिस ने आवश्यक प्रक्रिया पूरी कर गंगा देवी को उनके पति और ग्राम प्रधान की सुपुर्दगी में सुरक्षित सौंप दिया। तीन साल बाद गंगा देवी के मिलने से परिवार में खुशी का माहौल है। लंबे समय से बिछड़ी महिला के सकुशल घर लौटने की उम्मीद जगी तो परिजनों ने राहत की सांस ली।
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी