हैदराबाद में चमकी मीरजापुर की बेटी, राष्ट्रीय पावरलिफ्टिंग में रजत पदक जीतकर बढ़ाया मान

 


मीरजापुर, 03 जुलाई (हि.स.)। मीरजापुर की बेटी ज्योति यादव ने हैदराबाद में आयोजित राष्ट्रीय पावरलिफ्टिंग प्रतियोगिता में रजत पदक जीतकर जिले और उत्तर प्रदेश का गौरव बढ़ाया है। उनकी इस उपलब्धि पर शुक्रवार को स्पोर्ट्स स्टेडियम में सम्मान समारोह आयोजित कर उन्हें सम्मानित किया गया।

स्पोर्ट्स स्टेडियम में प्रशिक्षण प्राप्त कर रही ज्योति यादव को क्रीड़ा अधिकारी धर्मवीर सिंह ने स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया। इस अवसर पर पावरलिफ्टिंग कोच निधि सिंह पटेल के नेतृत्व में स्टेडियम के प्रशिक्षकों ने पुष्पगुच्छ देकर उनकी उपलब्धि की सराहना की।

क्रीड़ा अधिकारी ने कहा कि ज्योति की सफलता जिले के उभरते खिलाड़ियों के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने विश्वास जताया कि वह भविष्य में भी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर मीरजापुर का नाम रोशन करेंगी।

सम्मान समारोह के दौरान स्टेडियम के प्रशिक्षकों और खिलाड़ियों ने जोरदार तालियों के बीच ज्योति यादव का उत्साहवर्धन किया तथा उनकी उपलब्धि पर बधाई दी। समारोह में बड़ी संख्या में खिलाड़ी एवं खेल प्रेमी उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा