अमेरिका में लापता मीरजापुर के युवक की तलाश तेज कराने की मांग, केंद्रीय मंत्री अनुप्रिया पटेल ने लिखा पत्र
मीरजापुर, 13 मई (हि.स.)। अमेरिका में लापता हुए मीरजापुर निवासी युवक मनीष द्विवेदी की तलाश को लेकर केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण तथा रसायन एवं उर्वरक राज्य मंत्री अनुप्रिया पटेल ने भारत सरकार से तत्काल हस्तक्षेप की मांग की है। उन्होंने इस संबंध में 12 मई को पत्र जारी कर अमेरिका स्थित भारतीय दूतावास से मामले में हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने का अनुरोध किया है।
मीरजापुर जिले के छटहां क्षेत्र अंतर्गत चौहानपट्टी निवासी संतोष द्विवेदी ने केंद्रीय मंत्री को पत्र भेजकर अपने पुत्र मनीष द्विवेदी के लापता होने की जानकारी दी थी। मनीष द्विवेदी पश्चिमी शिपिंग कंपनी में सेकेंड ऑफिसर के पद पर कार्यरत थे और सिंगापुर ध्वज वाले जहाज ‘सिफनोस लेडी’ पर तैनात थे। उनका पासपोर्ट नंबर एस-1342617 तथा सीडीसी नंबर एमयूएम 356223 बताया गया है।
बताया गया कि 6 मई की शाम जहाज ‘सिफनोस लेडी’ अमेरिका के फिलाडेल्फिया स्थित मार्कस हुक पोर्ट पर पहुंचा था। इसी दौरान मनीष द्विवेदी अपने तीन साथियों के साथ शोर लीव पर कॉनकॉर्ड मॉल/बेस्ट बाइंग क्षेत्र गए थे। इसके बाद से उनका कोई पता नहीं चल सका है और न ही उन्होंने परिवार या सहकर्मियों से कोई संपर्क किया है।
परिजन के अनुसार लगातार खोजबीन और स्थानीय स्तर पर प्रयासों के बावजूद अब तक मनीष द्विवेदी के बारे में कोई जानकारी नहीं मिल सकी है। बेटे के अचानक लापता होने से परिवार गहरे सदमे और चिंता में हैं।
केंद्रीय मंत्री अनुप्रिया पटेल ने अपने पत्र में भारत सरकार से आग्रह किया है कि अमेरिका स्थित भारतीय दूतावास को निर्देशित कर स्थानीय प्रशासन के साथ समन्वय स्थापित करते हुए मनीष द्विवेदी की जल्द से जल्द तलाश सुनिश्चित की जाए तथा उनकी सुरक्षा और कुशलता का पता लगाया जाए। उन्होंने कहा कि मामले में त्वरित हस्तक्षेप से पीड़ित परिवार को बड़ी राहत और भरोसा दिलाया जाए।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा