मीरजापुर पुलिस ने जीती एफिसिएंसी रेस, शूटिंग में भी खिलाड़ियों का दबदबा

 


मीरजापुर, 08 अगस्त (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के मीरजापुर जिले में 29वीं अंतरजनपदीय एलार्म एफिसिएंसी रेस/शूटिंग प्रतियोगिता-2026 का शनिवार को समापन हुआ। पुलिस उपमहानिरीक्षक विंध्याचल परिक्षेत्र पूनम और पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक ने विजेता व उपविजेता टीमों और उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले पुलिसकर्मियों को शील्ड, पुरस्कार और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।

प्रतियोगिता में वाराणसी जोन की मीरजापुर, भदोही, बलिया, आजमगढ़, गाजीपुर, सोनभद्र और जौनपुर की सात टीमों ने प्रतिभाग किया। एफिसिएंसी रेस में मीरजापुर और गाजीपुर की टीमों के बीच मुकाबला हुआ। दोनों टीमों ने 10 बाधाएं पार कीं, जिसमें मीरजापुर की टीम प्रथम और गाजीपुर की टीम द्वितीय रही।

शूटिंग की विभिन्न स्पर्धाओं में भी मीरजापुर, सोनभद्र और आजमगढ़ के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया। पुरानी रायफल की 100 गज स्टैंडिंग पोजिशन में मीरजापुर के उपनिरीक्षक त्रिभुवन सिंह प्रथम और आजमगढ़ के मुख्य आरक्षी निखिल द्वितीय रहे। 200 गज नीलिंग पोजिशन में मीरजापुर के आरक्षी अजय प्रथम और आरक्षी विवेक कुशवाहा द्वितीय रहे।

300 गज लाइन पोजिशन में सोनभद्र के मुख्य आरक्षी धर्मेंद्र प्रथम और मीरजापुर के आरक्षी कुलदीप सिंह द्वितीय रहे। 300 गज स्नैप लाइन पोजिशन में सोनभद्र की महिला आरक्षी ममता प्रथम और गाजीपुर के आरक्षी राकेश पाल द्वितीय रहे। थ्री-पी पोजिशन में मीरजापुर के आरक्षी रामगोपाल ने पहला और बलिया के उपनिरीक्षक राजेश कुमार ने दूसरा स्थान हासिल किया।

नई रायफल स्पर्धा के पुरुष वर्ग में 300 मीटर थ्री-पी पोजिशन में सोनभद्र के मुख्य आरक्षी धर्मेंद्र प्रथम और मुख्य आरक्षी मनोज द्वितीय रहे। महिला वर्ग में 300 मीटर प्रोन पोजिशन में सोनभद्र की महिला आरक्षी ममता प्रथम और आजमगढ़ की महिला आरक्षी रीमा द्वितीय रहीं। बिगबोर पुरुष वर्ग में मीरजापुर के आरक्षी अतेन्द्र सरोज प्रथम और आरक्षी कुलदीप द्वितीय रहे। महिला वर्ग में सोनभद्र की महिला आरक्षी कात्यायनी प्रथम और महिला आरक्षी दीपिका द्विवेदी द्वितीय रहीं।

चल बैजन्ती में भी मीरजापुर-सोनभद्र का दबदबा

चल बैजन्ती की विभिन्न स्पर्धाओं में मीरजापुर और सोनभद्र की टीमों का दबदबा रहा। एलार्म एफिसिएंसी रेस, पुरानी रायफल शूटिंग, थ्री पोजिशन पुरुष और रिवाल्वर/पिस्टल शूटिंग में मीरजापुर ने प्रथम स्थान हासिल किया। बिगबोर पुरुष-महिला, थ्री पोजिशन महिला और कारबाइन शूटिंग में सोनभद्र की टीम प्रथम रही। एयर पिस्टल में आजमगढ़ ने बाजी मारी।

समापन समारोह में डीआईजी पूनम और एसपी अपर्णा रजत कौशिक ने सभी प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा