देश के 25 चर्चित पुलिस कप्तानों में मीरजापुर की एसपी अपर्णा रजत कौशिक
मीरजापुर, 01 सितंबर (हि.स.)। पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक के नाम एक और उपलब्धि जुड़ गई। उन्हें फेम इंडिया-एशिया पोस्ट 2026 की देशभर के 25 प्रमुख पुलिस अधिकारियों की सूची में स्थान मिला है। पुलिस नेतृत्व, कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण, जनसुरक्षा, तकनीक के प्रभावी इस्तेमाल और जनभागीदारी जैसे मानकों को चयन का आधार बनाया गया है।
रामपुर की आवास विकास कॉलोनी निवासी अपर्णा रजत कौशिक का वर्ष 2015 में भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) में चयन हुआ था। पुलिस सेवा में आने के बाद उन्होंने विभिन्न जिलों में कानून-व्यवस्था को बेहतर बनाने और अपराध पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए काम किया। औरैया, कासगंज और अमेठी में पुलिस अधीक्षक के रूप में भी उन्होंने जिम्मेदारी संभाली।
कासगंज में तैनाती के दौरान हुए तिहरे हत्याकांड का पुलिस टीम के साथ खुलासा कर महिला के प्रेमी को गिरफ्तार कराया था। इसके बाद मीरजापुर की कमान संभालने के बाद भी उन्होंने कई गंभीर मामलों में तेजी से कार्रवाई कराई।
मीरजापुर में छह महीने से अधिक के कार्यकाल के दौरान पड़री क्षेत्र में बालिका के साथ सामूहिक दुष्कर्म और हत्या की जघन्य घटना का खुलासा कर आरोपितों को जेल भेजा गया। वहीं, चर्चित जिम जेहाद प्रकरण में मुख्य आरोपित इमरान के खिलाफ करीब 11 करोड़ रुपये की संपत्ति कुर्क किए जाने की कार्रवाई भी सुर्खियों में रही।
एसपी अपर्णा रजत कौशिक का कहना है कि अपराध करने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। वहीं निर्दोष व्यक्ति को बिना कारण परेशान या फंसाया नहीं जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि पुलिस का उद्देश्य कानून के मुताबिक निष्पक्ष कार्रवाई करते हुए आमजन में सुरक्षा का भरोसा कायम करना है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा