भाजपा विधायक ने किया 700 मीटर लंबे पीपा पुल का लाेकार्पण, चंद पलाें में जुड़ गए दो जिले
मीरजापुर, 22 मार्च (हि.स.)। जनपद मीरजापुर के मझवां विधानसभा क्षेत्र के नेवढ़ियां गांव स्थित गंगा घाट पर रविवार को एक ऐसा पुल शुरू हुआ, जिसने दो जिलों की दूरियां पल भर में सिमटा दीं। भाजपा विधायक सुचिश्मिता मौर्या ने विधिवत पूजन के साथ गेगराव घाट (भदोही) को जोड़ने वाले 700 मीटर लंबे पीपा पुल का लोकार्पण किया।
करीब 2 करोड़ 45 लाख रुपये की लागत से बने इस पीपा पुल के शुरू होते ही महराजगंज और आसपास के क्षेत्रों के लोगों के चेहरे खिल उठे। अब तक नाव या लंबा चक्कर काटकर सफर करने वाले ग्रामीणों को सीधे और आसान रास्ते की सौगात मिल गई है। लोकार्पण के दौरान घाट पर उत्सव जैसा माहौल दिखा। ग्रामीणों ने इसे “जीवनरेखा” बताते हुए खुशी जाहिर की। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस पुल से न सिर्फ समय की बचत होगी, बल्कि व्यापार, शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं तक पहुंच भी आसान होगी।
इस मौके पर पवन उपाध्याय, जेई अंजनी कुमार समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। पुल से आवागमन शुरू होते ही लोगों ने पैदल और दोपहिया वाहनों से पार कर नए रास्ते का अनुभव भी लिया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा