इंडस्ट्रियल हब बनने की राह पर मीरजापुर, जल्द बनेंगे दो निजी औद्योगिक पार्क

 


मीरजापुर, 29 जून (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में हस्तनिर्मित कालीन उद्योग के लिए पहचान रखने वाला मीरजापुर अब औद्योगिक विकास की दिशा में बड़ी छलांग लगाने जा रहा है। योगी सरकार ने जनपद में दो निजी औद्योगिक पार्कों के विकास को मंजूरी देने के साथ ही बेहद कम ब्याज दर पर ऋण भी स्वीकृत किया है। इससे टांगा और मड़िहान के देवरीकलां में जल्द औद्योगिक पार्क विकसित होंगे, जहां उद्योग स्थापित होने से स्थानीय युवाओं को रोजगार के नए अवसर मिलेंगे।

जिला उद्योग प्रोत्साहन एवं उद्यमिता विकास केंद्र (डीआईसी) के उपायुक्त संदीप कुमार ने साेमवार काे बताया कि सदर तहसील के टांगा गांव में 11.014 एकड़ भूमि पर मेसर्स विंध्य इंडस्ट्रियल प्लेज पार्क तथा मड़िहान के देवरीकलां में 12.031 एकड़ भूमि पर प्रताप चेरिटेबल ट्रस्ट निजी औद्योगिक पार्क विकसित करेगा। दोनों परियोजनाओं के लिए क्रमशः 5.50 करोड़ और 6.01 करोड़ रुपये का ऋण एक प्रतिशत साधारण ब्याज दर पर स्वीकृत किया गया है। टांगा में 21 और देवरीकलां में 40 औद्योगिक भूखंड विकसित किए जाएंगे।

नियमों में ढील से उद्योग स्थापना होगी आसान

उपायुक्त ने बताया कि प्रदेश सरकार ने औद्योगिक नीति में बदलाव करते हुए सड़क चौड़ाई के मानकों में राहत दी है। अब सात मीटर चौड़ी सड़क के किनारे भी औद्योगिक इकाइयां स्थापित की जा सकेंगी। नए पार्कों में मैन्युफैक्चरिंग जोन, बिजनेस एवं शॉपिंग सेंटर, इन्क्यूबेशन सेंटर के साथ स्वास्थ्य, संचार और अन्य मूलभूत सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जाएंगी। इससे जिले में निवेश बढ़ने के साथ औद्योगिक विकास को नई गति मिलने की उम्मीद है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा