मतदाता सूची पुनरीक्षण में बूथों पर पहुंच रहे अधिकारी, अब तक हजारों फार्म जमा

 


मीरजापुर, 22 फ़रवरी (हि.स.)। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर 01 जनवरी 2026 की अर्हता तिथि के आधार पर जनपद मीरजापुर में विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की निर्वाचक नामावलियों के विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण अभियान के तहत रविवार को विभिन्न बूथों पर निरीक्षण किया गया। जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार ने 396-मीरजापुर विधानसभा क्षेत्र के प्राथमिक विद्यालय तिलठी व मिश्रीलाल इंटर कॉलेज, मवैया स्थित बूथों का जायजा लिया। वहीं उप जिला निर्वाचन अधिकारी अजय कुमार सिंह ने नगर क्षेत्र के कई बूथों का निरीक्षण कर व्यवस्थाएं परखी।

बूथ लेवल अधिकारियों द्वारा फार्म-6 (नया नाम जोड़ने), फार्म-7 (नाम अपमार्जन) व फार्म-8 (संशोधन/स्थानांतरण) पर्याप्त संख्या में उपलब्ध कराते हुए पात्र मतदाताओं से आवेदन लिए गए। 22 फरवरी तक छानबे में फार्म-6 के 1773, मीरजापुर में 1255, मझवां में 1589, चुनार में 1530 तथा मड़िहान में 1090 आवेदन प्राप्त हुए। फार्म-7 और 8 भी विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों में जमा हुए हैं।

ड्राफ्ट सूची के प्रकाशन के बाद मृतक मतदाताओं के नाम हटाने की प्रक्रिया भी जारी है। दावा-आपत्ति 6 मार्च तक स्वीकार किए जाएंगे। नगरीय क्षेत्रों में लाउडस्पीकर व ग्रामीण इलाकों में मुनादी से प्रचार-प्रसार कराया गया। अधिकारियों ने 18-20 आयु वर्ग के युवाओं व पात्र महिलाओं से अपील की है कि वे बीएलओ अथवा ऑनलाइन माध्यम से फार्म भरकर मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज कराएं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा