रामेश्वरम में शिवलिंग स्थापना और सेतु निर्माण की गाथा से गूंजा कथा पंडाल
मीरजापुर, 27 मार्च (हि.स.)। मीरजापुर जिले के चुनार क्षेत्र के बगहा गांव में प्राथमिक विद्यालय प्रांगण में आयोजित नव दिवसीय श्रीराम कथा में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ रही है। चैत्र नवरात्रि के प्रतिपदा से शुरू हुई कथा के आठवें दिन शुक्रवार को कथा व्यास आचार्य यज्ञेश ने रामकथा का रसपान कराते हुए भक्तों को भक्ति का महत्व बताया।
उन्होंने भगवान श्रीराम द्वारा रामेश्वरम में शिवलिंग स्थापना और नल-नील के सहयोग से समुद्र पर सेतु निर्माण का विस्तार से वर्णन किया। उन्होंने कहा कि रामकथा चंद्रमा की किरणों के समान है, जिसे सुनने के लिए संत रूपी श्रोता सदैव उत्सुक रहते हैं। साथ ही उन्होंने कहा कि मनुष्य जीवन का मुख्य उद्देश्य सांसारिक मोह-माया त्याग कर भगवान राम का भजन करना है। कार्यक्रम के दौरान समिति अध्यक्ष गुड्डू शुक्ला व पूर्व भाजपा मंडल अध्यक्ष प्रमोद पांडेय ने व्यासपीठ पर भगवान श्रीराम की आरती उतारी।
इस अवसर पर संयोजक पारसनाथ सिंह, तारकेश्वर मिश्रा, राजा भईया, मुन्ना पांडेय, सुनील शुक्ला, पक्कू दुबे, अखिलेश त्रिपाठी, आशीष पाठक, कौशलेंद्र सिंह, कपिल पांडेय, गोलू सिंह, छोटे विश्वकर्मा सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा