मीरजापुर : पत्नी से विवाद के बाद युवक ने दी जान, कांशीराम आवास में मिला शव

 


- एक साल पहले की थी प्रेम शादी, पुलिस ने रात में दोनों को समझाकर शांत कराया था

मीरजापुर, 01 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद मीरजापुर में कछवां थाना क्षेत्र स्थित कांशीराम आवास कॉलोनी में गुरुवार सुबह ब्लॉक नंबर छह के कमरा नंबर 71 में 24 वर्षीय युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में फंदे से लटका मिला। मृतक की पहचान वारिस पुत्र सिकंदर के रूप में हुई। पुलिस प्रथमदृष्टया इसे आत्महत्या का मामला मानकर जांच कर रही है।

कछवां थाना प्रभारी अमरजीत चौहान ने बताया कि वारिस कांशीराम आवास में पत्नी सब्बो बेगम के साथ रहता था और सैलून चलाकर परिवार का भरण-पोषण करता था। करीब एक वर्ष पहले दोनों ने प्रेम विवाह किया था। स्थानीय लोगों के अनुसार बुधवार रात किसी बात को लेकर वारिस और उसकी पत्नी के बीच विवाद हो गया। मामला बढ़ने पर पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों को समझा-बुझाकर शांत कराने के बाद घर भेज दिया।

गुरुवार सुबह कमरे में वारिस का शव मिला। सूचना पर पहुंची कछवां पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। कछवां थाना प्रभारी ने बताया कि प्रथमदृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। पत्नी से पूछताछ के साथ परिजनों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों की स्थिति स्पष्ट होगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा