मीरजापुर में मतदाता सूची में 1.15 लाख नए वोटर जुड़े
मीरजापुर, 10 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद मीरजापुर में विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण-2026 के तहत जनपद की मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन शुक्रवार को किया गया। जिला निर्वाचन अधिकारी पवन कुमार गंगवार ने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर उन्हें विधानसभावार मतदाता सूची की प्रतियां सौंपीं और प्रेस वार्ता में विस्तृत जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि 1 जनवरी 2026 की अर्हता तिथि के आधार पर 4 नवंबर 2025 से 6 मार्च 2026 तक चले अभियान में व्यापक सत्यापन, मुनादी और जागरूकता के माध्यम से छूटे मतदाताओं को जोड़ा गया और त्रुटियों का संशोधन किया गया। अंतिम सूची के अनुसार जनपद में कुल मतदाताओं की संख्या बढ़कर 16,82,966 हो गई है। इसमें 9,13,876 पुरुष, 7,69,040 महिला और 50 अन्य मतदाता शामिल हैं। पुनरीक्षण के दौरान 1,15,427 नए मतदाता जुड़े हैं।
जिलाधिकारी ने बताया कि मतदाता सूची एक सप्ताह तक बूथों पर अवलोकन के लिए उपलब्ध रहेगी। नाम जोड़ने, संशोधन या आपत्ति दर्ज कराने के लिए मतदाता ऑनलाइन या बीएलओ के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि पूरी प्रक्रिया पारदर्शी व निष्पक्ष तरीके से संपन्न हुई।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा