कन्नौज: मंत्री असीम अरुण ने बच्चों संग जगाया स्वावलंबन और स्वच्छता का संस्कार
मानीमऊ कंपोजिट विद्यालय से दैनिक स्वच्छता का आह्वान, कन्नौ के विद्यालयों को दी गई स्वच्छता किट
कन्नौज, 28 फरवरी (हि.स.)। होली के पावन पर्व से पूर्व स्वच्छता और स्वावलंबन का संदेश देते हुए कन्नौज के मानीमऊ स्थित कंपोजिट विद्यालय में शनिवार को स्वच्छता अभियान चलाया गया। इस दौरान समाज कल्याण राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) असीम अरुण ने शिक्षकों और विद्यार्थियों के साथ श्रमदान कर खुद झाड़ू लगाई और विद्यालय परिसर की सफाई की।
इसी विद्यालय से उन्होंने नई पहल की शुरुआत करते हुए कन्नौज के प्रत्येक विद्यालय को स्वच्छता किट प्रदान की। साथ ही सभी विद्यालयों से आह्वान किया कि प्रतिदिन विद्यालय समाप्त होने से पहले विद्यार्थी अपनी कक्षाओं और परिसर की सफाई सुनिश्चित करें, ताकि स्वच्छता स्थायी संस्कार बने। सभी विद्यार्थियों ने नियमित स्वच्छता बनाए रखने का संकल्प लिया।
राज्यमंत्री असीम अरुण ने कहा कि यह अभियान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से प्रेरित है, जिनके नेतृत्व में स्वच्छता जन-आंदोलन बनी है। उन्होंने सभी विद्यालयों से नियमित स्वच्छता अभियान चलाने की अपील की। कार्यक्रम में प्रधानाचार्य, शिक्षक और छात्र-छात्राएं उपस्थित रहीं।--------------
हिन्दुस्थान समाचार / संजीव झा