कृषि मंत्री शाही ने किया राजकीय कृषि केंद्र का औचक निरीक्षण, देखी फसल
बाराबंकी, 28 फ़रवरी (हि.स.)। प्रदेश के कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने आज बाराबंकी जिले के तहसील रामनगर के छपटी राजकीय कृषि फॉर्म का आकस्मिक निरीक्षण कर आवश्यक दिशा निर्देश दिए। शनिवार को सायं करीब चार बजे कृषि मंत्री ने फार्म पर बन रहे इंटरलॉकिंग रोड, सभागार कक्ष भवन देखा, बड़ा अनाज भंडारण क्षमता का निर्मित गोदाम, थ्रेसिंग फोर भवन निर्माण कार्य देख अच्छी फिनिशिंग करने की हिदायत दी।
उन्होंने 15 हार्स पावर की बोरिंग कार्य को भी देखा। प्रदेश की पहली पंचवर्षीय योजना में बनी पुरानी जीर्ण-शीर्ण इमारतों में अब तक जैसे तैसे मजबूरन काम चलाया जा रहा था। पहली बार इस सरकार करीब तीन करोड रुपए की लागत से उपरोक्त कार्य करवा रही है।करीब 40 मिनट के निरीक्षण में उन्होंने 24 हेक्टेयर में गेहूं फसल व 2 हेक्टेयर में लगी चना की फसल का अवलोकन कर सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने तथा समय से कटाई करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान उपकृषि निदेशक धीरेंद्र सिंह, फार्म प्रक्षेत्र अधीक्षक प्रदीप कुमार सिंह, कृषि बीज भंडार किसान कल्याण केंद्र प्रभारी प्रदीप कुमार वर्मा, कृषि रक्षा इकाई प्रभारी शिव कुमार व प्लांट प्रभारी गौरव आदि उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / पंकज कुमार चतुवेर्दी