वैश्विक कंपनी क्राउन होल्डिंग्स का यूपी में मैन्युफ़ैक्चरिंग सेट अप स्थापित होना औद्योगिक परिवेश का सशक्त प्रमाण : नन्दी

 






यूपी एफडीआई नीति के तहत उन्नाव में 2,078 करोड़ रुपये के निवेश से 'क्राउन पैकेजिंग’ के पहले भारतीय प्लांट का भूमिपूजन

यूपी में निवेशकों को मिल रहा बेहतर कनेक्टिविटी, कानून-व्यवस्था, मजबूत बुनियादी ढांचा का पूरा इकोसिस्टम

क्राउन पैकेजिंग से 1,500 से अधिक रोजगार सृजन होगा, पैकेजिंग क्षेत्र को मिलेगी मजबूती

लखनऊ, 09 सितंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश सरकार की आकर्षक एफडीआई (FDI) नीति 2023 के सकारात्मक परिणाम धरातल पर दिखने लगे हैं। वैश्विक पैकेजिंग दिग्गज कंपनी 'क्राउन होल्डिंग्स' की भारतीय इकाई 'क्राउन पैकेजिंग इंडिया प्राइवेट लिमिटेड' के पहले ग्रीनफील्ड एल्युमिनियम बेवरेज कैन विनिर्माण संयंत्र का बुधवार को उन्नाव स्थित 'इंटीग्रेटेड मैन्युफैक्चरिंग एंड लॉजिस्टिक्स क्लस्टर' (IMLC) में भूमि पूजन समारोह आयोजित किया गया। जिसमें उत्तर प्रदेश सरकार के औद्योगिक विकास मंत्री नन्द गोपाल गुप्ता नन्दी मुख्य अतिथि के रूप में सम्मिलित हुए। मंत्री नन्दी राज्य मंत्री जसवंत सिंह सैनी व अधिकारियों के साथ समारोह में मौजूद रहे।

2,078.44 करोड़ रुपये के कुल निवेश वाली यह परियोजना भारत में क्राउन होल्डिंग्स का पहला विनिर्माण संयंत्र है।

उन्नाव आईएमएलसी के प्लॉट नंबर 04 पर लगभग 40 एकड़ में स्थापित होने वाला यह अत्याधुनिक संयंत्र देश के तेजी से बढ़ते पेय पदार्थ (Beverage) उद्योग की मांग को पूरा करेगा। इस परियोजना से 200 से अधिक लोगों को प्रत्यक्ष और 1,500 से अधिक को अप्रत्यक्ष रोजगार मिलने की संभावना है। इसके साथ ही लॉजिस्टिक्स, वेयरहाउसिंग, परिवहन, रखरखाव और स्थानीय आपूर्तिकर्ता नेटवर्क (Vendor Network) के क्षेत्र में भी बड़े पैमाने पर नए अवसर पैदा होंगे।

2,078 करोड़ रुपये का निवेश, भारत में क्राउन के विनिर्माण की शुरुआत

भूमिपूजन समारोह में उत्तर प्रदेश सरकार के औद्योगिक विकास मंत्री नन्द गोपाल गुप्ता नन्दी ने कहा कि आज क्राउन होल्डिंग्स जैसी वैश्विक कंपनी का उत्तर प्रदेश में अपना मैन्युफ़ैक्चरिंग सेट अप स्थापित करने के लिए भूमि पूजन करना उत्तर प्रदेश के बदले हुये औद्योगिक परिवेश का सशक्त प्रमाण है।

औद्योगिक परिवेश में यह परिवर्तन किसी जादू की तरह अचानक नहीं हुआ है। इसकी पृष्ठभूमि में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का ‘मेक इन इंडिया’, ‘आत्मनिर्भर भारत’ और “विकसित भारत 2047 का विजन समाहित है। पिछले साढ़े नौ वर्षों के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में हमारी सरकार ने इस विजन को धरातल पर उतारने का सतत प्रयास किया है।

आज उत्तर प्रदेश में निवेशक को इन्वेस्टमेंट के लिए केवल जमीन ही नहीं मिलती है। उसे बेहतर कनेक्टिविटी, चुस्त दुरुस्त कानून-व्यवस्था, मजबूत बुनियादी ढांचा, कुशल मानव संसाधन, व्यापक उपभोक्ता बाज़ार और अनुकूल नीति का पूरा इकोसिस्टम मिलता है।

क्राउन होल्डिंग्स की यह परियोजना उत्तर प्रदेश की आधुनिक मैनुफैक्चरिंग क्षमता बढ़ाने में सहायक होगी। साथ ही 40 एकड़ क्षेत्र में फैली लगभग 2,000 करोड़ रुपये के निवेश वाली इस परियोजना के माध्यम से बड़े पैमाने पर युवाओं को रोजगार मिलने जा रहा है। आने वाले समय में लगभग 2.2 अरब बेवरेज कैन की वार्षिक उत्पादन क्षमता के साथ यह प्लांट उत्तर प्रदेश की एक महत्वपूर्ण विनिर्माण इकाई के रूप में विकसित होने जा रहा है।

क्राउन पैकेजिंग इंडिया प्राइवेट लिमिटेड का गठन मार्च 2026 में हुआ था। यह क्राउन होल्डिंग्स की पूर्ण स्वामित्व वाली सहायक कंपनी है और इसका पंजीकृत कार्यालय लखनऊ में है। परियोजना का मूल्यांकन उत्तर प्रदेश की एफडीआई, फॉर्च्यून ग्लोबल 500 एवं फॉर्च्यून इंडिया 500 कंपनियों के लिए निवेश प्रोत्साहन नीति-2023 के तहत किया गया है।

संयंत्र की प्रारंभिक स्थापित क्षमता 116.2 करोड़ कैन प्रतिवर्ष होगी, जिसे बढ़ाकर 178.6 करोड़ कैन किया जा सकेगा। पहले वर्ष में करीब 67 करोड़ कैन के उत्पादन का अनुमान है, जो नौवें और दसवें वर्ष तक बढ़कर लगभग 170 करोड़ कैन प्रतिवर्ष हो जाएगा।

भूमिपूजन समारोह में अवस्थापना व औद्योगिक विकास आयुक्त (आईआईडीसी) दीपक कुमार, अपर मुख्य सचिव, अवस्थापना व औद्योगिक विकास आलोक कुमार, स्टेट ट्रांसफॉर्मेशन कमीशन के सीईओ मनोज कुमार सिंह और इन्वेस्ट यूपी के एसीईओ शशांक चौधरी समेत वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। क्राउन होल्डिंग्स की ओर से ईवीपी एवं सीओओ दजल्मा नोवाएस जूनियर और प्रेसिडेंट, क्राउन बेवकैन ईएमईए मार्क केचेसन ने हिस्सा लिया।

उत्तर प्रदेश में ऐसे बड़े निवेश औद्योगिक आधार को विस्तार दे रहे हैं। विनिर्माण, लॉजिस्टिक्स और सहायक उद्योगों के साथ रोजगार के नए अवसर बन रहे हैं। इससे प्रदेश की अर्थव्यवस्था को गति मिलने के साथ उत्तर प्रदेश को राष्ट्रीय और वैश्विक विनिर्माण केंद्र के रूप में स्थापित करने की दिशा भी मजबूत हो रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / मोहित वर्मा