देश और समाज में गुरु का है सबसे ऊंचा स्थान : लक्ष्मी नारायण चौधरी
फिरोजाबाद, 26 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश सरकार के गन्ना विकास एवं चीनी मिल मंत्री एवं जिले के प्रभारी मंत्री लक्ष्मी नारायण चौधरी की अध्यक्षता व जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों की उपस्थिति में कलेक्ट्रेट सभागार कक्ष में मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना में शिक्षकों की सामाजिक सुरक्षा हेतु कैशलेस चिकित्सा कार्डों का वितरण किया गया।
इस मौके पर प्रभारी मंत्री लक्ष्मी नारायण चौधरी ने कहा कि देश और समाज में सबसे ऊंचा स्थान गुरु का है, गुरु ही बच्चों को संस्कार देते हैं, उन्होंने कहा कि हमारी शिक्षा संस्कार के बजाय व्यपारिक हो गई है, उन्होंने कहा कि शिक्षा का अभाव नहीं होना चाहिए, बल्कि गुरु और शिष्य का नाता, संस्कारी होना चाहिए।
उन्होंने कहा कि गुरु और शिष्य की नई परंपरा नहीं है, गुरु ही वेदों का ज्ञान कराते हैं और शिक्षा का ज्ञान कराते हैं। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार शिक्षकों और उनके परिवारों के लिए यह कैशलेस चिकित्सा सुविधा प्रदान कर रही है, उन्होंने कहा कि आज देश के बड़े-बड़े अस्पतालों में सबसे अच्छा और सस्ता इलाज किया जा रहा है। मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना के तहत प्रभारी मंत्री ने 12 शिक्षकों को कैशलेस कार्ड वितरित किए। जिनमें प्रमुख रहे राजश्री मिश्रा, ग्रीष चंद्र यादव, कुबेर सिंह, धर्मेंद्र भदोरिया, नीरज, कुमारी, विनीता गुप्ता, गरिमा कुशवाहा, विशाल पाठक, सुशील कुमार, डॉ० गीता, डॉ० प्रियदर्शिनी उपाध्याय व वैष्णवी है। इस प्रकार जनपद में कुल 313 कैशलेस चिकित्सा कार्ड वितरण किए गए।
विधायक सदर मनीष असीजा ने कहा कि भगवान न करें, कभी आपको इस कार्ड की आवश्यकता न पड़े। टूंडला विधायक प्रेमपाल धनगर ने कहा कि कैशलेस योजना में प्रत्येक शिक्षक और उनके परिवार को पांच लाख तक का नि:शुल्क इलाज कराया जा सकता है, उन्होंने कहा कि आपके परिवार में कोई भी गंभीर बीमारी न हो और न ही कोई दुर्घटना हो।
कार्यक्रम का संचालन शिवकांत पलिया और चेतेंद्र प्रताप सिंह ने किया।
इस अवसर पर जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा, जिला अध्यक्ष उदय प्रताप सिंह, महानगर अध्यक्ष सतीश दिवाकर, पूर्व जिला अध्यक्ष मानवेंद्र सिंह, उपाध्यक्ष राम नरेश कटारा, मुख्य विकास अधिकारी शत्रोहन वैश्य, अपर जिलाधिकारी कल्पना जायसवाल, अपर जिलाधिकारी नमामि गंगे मोहनलाल गुप्ता, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉक्टर रामबदन राम, परियोजना निदेशक सुभाष चन्द्र त्रिपाठी, बीएसए अनिल कुमार आदि अधिकारी उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / कौशल राठौड़