प्रभारी मंत्री ने भाजपा सरकार के नौ साल पूरे होने पर किया विकास प्रदर्शनी का उद्घाटन

 


फर्रुखाबाद, 20 मार्च (हि.स.)। उप्र के फर्रूखाबाद जिले के प्रभारी एवं पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह ने शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिला प्रशासन के अधिकारियों के साथ बैठक कर कानून-व्यवस्था, विकास कार्यों एवं सरकार की नीतियों की गहन समीक्षा की। बैठक में उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि शासन की योजनाओं का लाभ हर पात्र व्यक्ति तक समय से पहुंचना चाहिए।

प्रभारी मंत्री ने कानून-व्यवस्था की स्थिति पर विशेष जोर देते हुए कहा कि आमजन में सुरक्षा की भावना सर्वोपरि है। उन्होंने पुलिस अधिकारियों को निर्देशित किया कि अपराध पर प्रभावी नियंत्रण रखा जाए और किसी भी प्रकार की लापरवाही पर सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। विकास कार्यों की समीक्षा के दौरान मंत्री ने विभिन्न विभागों की प्रगति रिपोर्ट का अवलोकन किया। उन्होंने अधूरे कार्यों को शीघ्र पूर्ण करने तथा गुणवत्ता के साथ कार्य कराने के निर्देश दिए। साथ ही जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने को कहा।

बैठक में जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी, पुलिस अधीक्षक आरती सिंह सहित सभी संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। मंत्री ने स्पष्ट किया कि प्रदेश सरकार की प्राथमिकता जनता को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना है और इसमें किसी भी स्तर पर ढिलाई स्वीकार नहीं की जाएगी। प्रभारी मंत्री ने भाजपा के नौ साल पूरे होने पर ऑफिसर्स क्लब में लगाई गई नौ दिवसीय विकास प्रदर्शनी का फीता काट कर शुभारम्भ भी किया। इस दौरान सांसद मुकेश राजपूत, विधायक नागेंद्र सिंह राठौर, ज्ञानेंद्र सिंह छोटे, डीएस राठौर व भाजपा के बरिष्ट पदाधिकारी मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Chandrapal Singh Sengar