जनसंवाद में मंत्री आशीष पटेल ने सुनीं सैकड़ों फरियादें
मीरजापुर, 20 सितंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री एवं अपना दल (एस) के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष आशीष पटेल ने रविवार को भरुहना स्थित सांसद जनसंपर्क कार्यालय में आयोजित जनसंवाद कार्यक्रम में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे लोगों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान बिजली, पेंशन, स्वास्थ्य, शिक्षा, सड़क, राजस्व और पुलिस से जुड़ी शिकायतें प्रमुख रूप से सामने आईं।
जनसंवाद में सैकड़ों फरियादियों के साथ अपना दल (एस) और एनडीए घटक दलों के पदाधिकारी व कार्यकर्ता भी पहुंचे। मंत्री ने एक-एक कर लोगों की समस्याएं सुनीं और संबंधित विभागों के अधिकारियों से दूरभाष पर वार्ता कर शिकायतों के त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए।
आशीष पटेल ने कहा कि सरकार की प्राथमिकता आमजन की समस्याओं का समयबद्ध समाधान कराना और जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है। कार्यक्रम में अपना दल (एस) के जिलाध्यक्ष इंजी. राम लौटन बिंद समेत अपना दल (एस) और भाजपा के वरिष्ठ पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा