फिरोजाबाद में मिलेट्स महोत्सव का आयोजन
फिरोजाबाद, 09 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद फिरोजाबाद में मिलेट्स महोत्सव का भव्य आयोजन शुक्रवार को कृषि विज्ञान केंद्र हजरतपुर में किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने किया। जिलाधिकारी ने विभिन्न स्टालों का निरीक्षण किया। विभिन्न स्कूलों के बच्चों के द्वारा बनाई गई मिलेट से रेसिपी के स्वाद को उन्होंने चखा एवं सराहा। इसके साथ ही पराली जलाने से होने वाले प्रदूषण एवं मिलेट्स के महत्व पर आयोजित चित्रकला प्रतियोगिता एवं आर्ट्स गैलरी का निरीक्षण किया।
इस अवसर पर जिलाधिकारी ने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा चलाए जा रहे मिलेट्स पुनरुद्धार कार्यक्रम के अंतर्गत श्री अन्न की खेती को जनपद में बढ़ावा दिया जा रहा है। कृषि विभाग द्वारा ज्वार, बाजरा, साँवा, कोदो, रागी के बीजों को निःशुल्क वितरित जा रहा है। उन्होंने बताया कि श्री अन्न में आयरन, जिंक, कैलशियम, फाइबर अधिक मात्रा में होते हैं जो डायबिटीज, हृदय रोग, त्वचा रोग आदि के लिए लाभप्रद है। उन्होंने किसानों से पराली न जलाने तथा फॉर्मर रजिस्ट्री बनवाने की अपील की। जिलाधिकारी ने कृषि विज्ञान केंद्र पर श्री अन्न महोत्सव के आयोजन पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि इससे ज्यादा से ज्यादा किसानों तक कृषि की नवीनतम जानकारी पहुंचेगी।
मुख्य विकास अधिकारी शत्रोहन वैश्य ने कहा कि श्री अन्न पारंपरिक खेती का अभिन्न अंग है। ज्वार, बाजरा, रागी आदि की खेती प्राकृतिक विधि से की जानी चाहिए। किसान अपनी गैर उपजाऊ, असिंचित भूमि में भी श्री अन्न की खेती कर सकते हैं।
हिन्दुस्थान समाचार / कौशल राठौड़