महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ के 12 प्राध्यापक बने प्रोफेसर, दो एसोसिएट प्रोफेसर पद पर हुए पदोन्नत

 


वाराणसी, 23 नवम्बर (हि. स.)। वाराणसी में महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ में सोमवार को कुलपति प्रो. आनंद कुमार त्यागी की अध्यक्षता में कार्य परिषद की बैठक हुई। बैठक में विभिन्न विभागों के शिक्षकों की पदोन्नति को स्वीकृति प्रदान की गई। इसके तहत विश्वविद्यालय के 12 प्राध्यापकों को प्रोफेसर तथा दो को एसोसिएट प्रोफेसर पद पर पदोन्नति मिली।

प्रोफेसर पद पर पदोन्नति पाने वालों में महामना मदन मोहन मालवीय हिंदी पत्रकारिता संस्थान के डॉ. नागेंद्र कुमार सिंह, दर्शनशास्त्र विभाग के डॉ. अमरीष राय, मनोविज्ञान विभाग की डॉ. प्रतिभा सिंह, समाजशास्त्र विभाग की डॉ. सौम्या यादव, डॉ. राहुल गुप्ता और डॉ. जयप्रकाश यादव, अंग्रेजी विभाग के डॉ. नवरत्न सिंह, डॉ. कविता आर्या और डॉ. नीरज कुमार सोनकर, हिंदी विभाग के डॉ. अविनाश कुमार सिंह, इतिहास विभाग के डॉ. रविंद्र कुमार गौतम तथा संस्कृत विभाग के डॉ. दीपक कुमार शामिल हैं। वहीं, समाजकार्य विभाग की डॉ. भारती कुरील और इतिहास विभाग की डॉ. अंजना वर्मा को एसोसिएट प्रोफेसर पद पर पदोन्नति दी गई।

बैठक में उच्च शिक्षा अनुभाग-3 के आदेश के क्रम में विश्वविद्यालय में कार्यरत आउटसोर्स कर्मचारियों का पारिश्रमिक शासनादेश के अनुरूप निर्धारित करने और उसमें वृद्धि करने का भी निर्णय लिया गया। इसके अलावा करियर एडवांसमेंट स्कीम (कैस) के तहत चयन समितियों की संस्तुतियों को मंजूरी दी गई। वही, बैठक में कुलसचिव डॉ. सुनीता पांडेय, सहायक कुलसचिव डॉ. आनंद कुमार सिंह सहित कार्य परिषद के सदस्य उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / शरद