महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ का 48वां दीक्षांत समारोह 28 जुलाई को, कैप्टन बी.के. त्यागी होंगे मुख्य अतिथि

 


वाराणसी, 26 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के वाराणसी जनपद में महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ का 48वां दीक्षांत समारोह 28 जुलाई मंगलवार को सिगरा स्थित रुद्राक्ष कन्वेंशन सेंटर में आयोजित किया जाएगा। यह जानकारी कुलपति प्रो. आनन्द कुमार त्यागी ने रविवार को डॉ. भगवान दास केन्द्रीय पुस्तकालय स्तिथ समिति कक्ष में प्रेस कांफ्रेंस कर दी। उन्होंने बताया कि इस बार उक्त समारोह विगत एक दशक में भारत की उपलब्धियां विकसित भारत 2047 की आधारशीला की थीम पर आयोजित होगा।

कुलपति प्रो. त्यागी ने आगे बताया कि

दीक्षांत समारोह से पूर्व दीक्षोत्सव 2026 कार्यक्रम का आयोजन किया गया। दीक्षोत्सव 2026 के अन्तर्गत विश्वविद्यालय परिसर एवं विश्वविद्यालय द्वारा गोद लिए गांवों में विविध प्रतियोगिताएं तथा कार्यक्रम आयोजित हुए, जिसमें मां-बेटी' कार्यक्रम, भाषण प्रतियोगिता, निबन्ध लेखन प्रतियोगिता, काव्य प्रतियोगिता, चित्रकला प्रतियोगिता, कहानी कथन प्रतियोगिता, लोक नृत्य समूह एवं एकल नृत्य प्रतियोगिता, देश भक्ति समूह गीत प्रतियोगिता, परम्परागत खेल प्रतियोगिता, पुस्तक पठन एवं रिव्यू रिपोर्ट लेखन, छात्राओं का स्वास्थ्य परीक्षण, सफाई अभियान आदि का आयोजन किया गया।

कुलपति ने बताया कि इस बार दीक्षांत समारोह में विश्वविद्यालय एवं सम्बद्ध महाविद्यालयों के टॉपर्स को अलग-अलग मेडल दिया जायेगा। दीक्षांत

समारोह में मंच से 26 विद्यार्थियों (छात्रा 20 एवं छात्र 06) को कुल 43 स्वर्ण पदक प्रदान किया जायेगा, जिसमें स्नातक के 08 (सभी छात्राएं 05 विश्वविद्यालय एवं 03 सम्बद्ध महाविद्यालय से) एवं स्नातकोत्तर के 16 (05 छात्र एवं 11 छात्राएं) विद्यार्थी और दो उत्कृष्ट खिलाड़ी सुमित कुमार भारती व अंजलि कुमारी शामिल हैं।

कुलपति ने बताया कि दीक्षांत समारोह में कुल 17 विद्यार्थियों को दो-दो स्वर्ण पदक प्रदान किया जायेगा। सत्र 2025-26 में विश्वविद्यालय में 49 पाठ्यक्रमों में 56 विद्यार्थियों (छात्रा 43 एवं छात्र 13) ने सर्वोच्च अंक प्राप्त कर टॉप किया है।

कुलपति ने आगे बताया कि स्नातक के 49659 (18708 छात्र एवं 30951 छात्राएं), स्नातकोत्तर के 13401 (3421 छात्र एवं 9980 छात्राए) एवं पी-एच.डी. के 124 (64 छात्र एवं 60 छात्राए) छात्र-छात्राओं को उपाधि प्रदान की जायेगी। इस तरह स्नातक, स्नातकोत्तर एवं शोध के कुल 63184 में 22193 छात्र 40991 एवं छात्राओं को उपाधियां दी जायेंगी।

उन्होंने बताया कि इस बार दीक्षांत समारोह की अध्यक्षता प्रदेश की राज्यपाल एवं कुलाधिपति महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ आनन्दीबेन पटेल करेंगी। वहीं, मुख्य अतिथि कैप्टन बी.के. त्यागी, सी.एम.डी., शिपिंग कॉर्पोरेशन ऑफ इण्डिया, मुम्बई होंगे। अति विशिष्ट अतिथि के रूप में उच्च शिक्षा मंत्री योगेन्द्र उपाध्याय एवं विशिष्ट अतिथि उच्च शिक्षा राज्य मंत्री रजनी तिवारी उपस्थित रहेंगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / शरद