शाकाहार और नशामुक्ति का संदेश लेकर पटेहरा पहुंचे संत पंकज महाराज

 


मीरजापुर, 22 अगस्त (हि.स.)। जयगुरुदेव धर्म प्रचारक संस्था, मथुरा के राष्ट्रीय अध्यक्ष संत पंकज महाराज की 108 दिवसीय शाकाहार, सदाचार, मद्यनिषेध एवं आध्यात्मिक वैचारिक जनजागरण यात्रा शनिवार को दूसरे पड़ाव पर विकासखंड कोन के पटेहरा गांव पहुंची। कारपेट मिल के पास पहुंचने पर स्थानीय लोगों ने बैंड-बाजे, दीप प्रज्ज्वलन, कलश और पुष्पमालाओं से यात्रा का भव्य स्वागत किया।

पटेहरा में आयोजित सत्संग समारोह में संत पंकज महाराज ने कहा कि मनुष्य शरीर मिलना भगवान का सबसे बड़ा वरदान है। संत-महात्मा मानव को सांसारिक बुराइयों और व्यसनों से दूर कर आध्यात्मिक मार्ग पर चलने की प्रेरणा देते हैं। उन्होंने कहा कि मनुष्य को सुख-शांति के लिए सुरत-शब्द साधना, सुमिरन, ध्यान और भजन करना चाहिए। यह साधना गृहस्थ जीवन में रहते हुए भी की जा सकती है।

उन्होंने शाकाहार अपनाने और नशीले पदार्थों से दूर रहने की अपील करते हुए कहा कि शराब अनेक बुराइयों की जननी है। जीव हत्या से भी बचना चाहिए। उन्होंने कहा कि मानव शरीर को पवित्र मंदिर मानकर इसे नशे और मांसाहार से अपवित्र नहीं करना चाहिए। युवाओं से सदाचार अपनाने और समाज में महिलाओं के प्रति सम्मान की भावना विकसित करने का आह्वान किया।

संत पंकज महाराज ने अनुयायियों को आगामी 17 से 21 दिसंबर तक जयगुरुदेव आश्रम, मथुरा में होने वाले वार्षिक भंडारा सत्संग मेले में शामिल होने का निमंत्रण भी दिया।

इस अवसर पर जिलाध्यक्ष मीरजापुर घूरन प्रसाद, ब्लॉक प्रमुख अनिल कुमार सिंह, संगठन मंत्री एवं प्रवक्ता मोतीलाल सिंह, आयोजक शिवरतन पाल सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे। कार्यक्रम के बाद जनजागरण यात्रा अगले पड़ाव ग्राम चेकसारी के लिए रवाना हो गई।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा