मीरजापुर : एक साथ गूंजा संविधान का संदेश, 1.08 लाख विद्यार्थियों ने पढ़ी उद्देशिका

 


- सरला सर्राफ स्कूल में 4800 छात्र-छात्राओं ने किया सामूहिक वाचन, जिले के 305 विद्यालयों में भी हुए आयोजन और क्विज प्रतियोगिता

मीरजापुर, 26 नवंबर (हि.स.)। हजारों बच्चों की एक साथ उठती आवाज और संविधान के प्रति सम्मान का संकल्प। संविधान दिवस पर गुरुवार को जिले में ‘एक स्वर, एक संविधान’ अभियान के तहत ऐसा ही नजारा देखने को मिला। सरला सर्राफ पब्लिक स्कूल में करीब 4800 छात्र-छात्राओं ने एक साथ संविधान की प्रस्तावना का वाचन किया। वहीं, जिले के 305 अन्य विद्यालयों और कार्यक्रम स्थलों पर भी आयोजन हुए। मुख्य कार्यक्रम समेत पूरे जिले में कुल 1,08,633 विद्यार्थियों ने इस अभियान में भागीदारी की।

उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देश पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की ओर से आयोजित मुख्य कार्यक्रम की अध्यक्षता जनपद न्यायाधीश एवं प्राधिकरण के अध्यक्ष अनुपम कुमार ने की। जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार की मौजूदगी में उन्होंने विद्यार्थियों को संविधान की उद्देशिका की शपथ दिलाई। प्रस्तावना के सामूहिक वाचन से पूरा विद्यालय परिसर गूंज उठा।

अभियान के तहत जिले के 305 विद्यालयों में संविधान विषयक क्विज प्रतियोगिता भी कराई गई। इसमें विद्यार्थियों से संविधान निर्माण, प्रस्तावना, मौलिक अधिकारों, कर्तव्यों और संवैधानिक व्यवस्था से जुड़े सवाल पूछे गए। प्रतियोगिता में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान पाने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कृत कर प्रोत्साहित किया गया।

कार्यक्रम में विद्यार्थियों को संविधान के मूल्यों के साथ न्याय, समानता, स्वतंत्रता और बंधुता की भावना अपनाने का संदेश दिया गया। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की ओर से निःशुल्क कानूनी सहायता की जानकारी भी दी गई। बताया गया कि पात्र लोगों को विधिक सेवा प्राधिकरण अधिनियम के तहत मुफ्त कानूनी सहायता मिलती है। इसके लिए टोल फ्री हेल्पलाइन नंबर 15100 की जानकारी भी साझा की गई।

इस अवसर पर प्रधान न्यायाधीश परिवार न्यायालय संजय कुमार शुक्ल, प्रथम अपर जनपद न्यायाधीश संतोष कुमार गौतम, मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट राहुल कुमार सिंह, मुख्य विकास अधिकारी विजय कुमार सिंह, जिला विद्यालय निरीक्षक राजकुमार दीक्षित, बार एसोसिएशन अध्यक्ष अभयराज सिंह, स्कूल चेयरमैन दिनेश चंद्र सर्राफ और प्रधानाचार्या प्रीति सर्राफ सहित न्यायिक व प्रशासनिक अधिकारी, अधिवक्ता, शिक्षक और विद्यार्थी मौजूद रहे। प्रस्तावना का सामूहिक वाचन जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव आनंद कुमार-द्वितीय ने कराया। कार्यक्रम का संचालन आयुष कुमार सर्राफ ने किया। अंत में अपर जनपद न्यायाधीश आसिफ इकबाल रिजवी ने आभार जताया।

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा