अम्बेडकर नगर के युवक को युद्धग्रस्त इजराइल से सकुशल घर वापस लाया गया
अम्बेडकर नगर, 04 अप्रैल (हि.स.)। इजराइल के संघर्षग्रस्त नेटान्या शहर में फंसे अकबरपुर निवासी अखिलेश कुमार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश व जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला की पहल पर जॉर्डन के रास्ते सकुशल वापस लाया गया है। यह घटनाक्रम मुख्यमंत्री योगी के जनता के प्रति मानवीय दृष्टिकोण, जिला प्रशासन अम्बेडकर नगर की संवेदनशीलता, त्वरित निर्णय क्षमता एवं अंतरराष्ट्रीय समन्वय का उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत करता है।
अखिलेश कुमार का कहना है कि कुछ दिन पहले वह रोजगार के लिए इजराइल गया, किन्तु वहां उनके नियोक्ता के असहयोग एवं युद्ध जैसी परिस्थितियों के कारण वह गंभीर मानसिक तनाव में आ गए और उनकी स्थिति इतनी बिगड़ गई कि वह स्वयं लौटने में असमर्थ हो गए। इस दौरान अम्बेडकरनगर के ग्राम हजपुरा निवासी उनकी पत्नी किरण देवी ने 25 मार्च को आयोजित जनता दर्शन में उपस्थित होकर जिलाधिकारी अम्बेडकर नगर अनुपम शुक्ला से मिलकर अपने पति की सुरक्षित वापसी के लिए अपील की।
मामले को गंभीरता से लेते जिलाधिकारी ने तत्काल इसकी जानकारी शासन को भेजी। मुख्यमंत्री के उच्चाधिकारियों को अखिलेश की सकुशल वापसी के निर्देश दिए। तब 28 मार्च को इजराइल स्थित भारतीय दूतावास को इस संबंध में औपचारिक पत्र प्रेषित किया गया। इसके साथ ही भारत सरकार के विदेश मंत्रालय ने तेल अवीव स्थित भारतीय राजदूत, वाणिज्य दूतावास के अधिकारियों, जॉर्डन स्थित भारतीय राजदूत एवं जॉर्डन प्रशासन से निरंतर उच्चस्तरीय समन्वय स्थापित किया, जिसके परिणामस्वरूप पूरी प्रक्रिया को तीव्र गति से आगे बढ़ाया गया। इजराइल के हवाई अड्डों के बंद होने के कारण वैकल्पिक रणनीति के तहत 01 अप्रैल को जॉर्डन के वीज़ा एवं अंतरराष्ट्रीय एयर टिकट की व्यवस्था सुनिश्चित की गई। 2 अप्रैल को अखिलेश कुमार को विशेष वाहन से सुरक्षित तरीके से भारतीय दूतावास, तेल अवीव तक लाया गया, जहां से उन्हें स्थल मार्ग से सुरक्षित रूप से जॉर्डन सीमा तक पहुंचाया गया।
इसके बाद जॉर्डन स्थित भारतीय दूतावास एवं स्थानीय प्रशासन के सहयोग से उन्हें अम्मान (जॉर्डन की राजधानी) पहुंचाया गया। वहां से अखिलेश कुमार ने दो अप्रैल को रात्रि रॉयल जॉर्डनियन फ्लाइट पकड़ी और तीन अप्रैल को सकुशल मुम्बई पहुंच गए। मुम्बई हवाई अड्डे पर रॉयल जॉर्डनियन के प्रतिनिधि ऋषभ सिंह ने अखिलेश कुमार को पूरी सहायता उपलब्ध कराई और उन्हें एयर इंडिया स्टॉफ के सुपुर्द कर दिया। इसके उपरांत एयर इंडिया की उड़ान संख्या एआई-2491 ने अखिलेश कुमार मुम्बई से लखनऊ पहुंच गए। इस दौरान भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण (एएआई) ने भी समुचित सहयोग प्रदान किया गया।
लखनऊ पहुंचने पर अखिलेश कुमार अपने परिजनों से मिले। इसके बाद उन्हें तहसील जलालपुर, जनपद अम्बेडकर नगर स्थित उनके घर तक पहुंचा दिया गया। अखिलेश कुमार ने कहा कि प्रदेश सरकार व जिलाधिकारी के निरंतर प्रयासों के कारण ही आज मैं सुरक्षित अपने परिवार के बीच उपस्थित हूं। इसके लिए मैं उनका आभारी हूं।
हिन्दुस्थान समाचार / दीपक