तालाब में डूबने से अधेड़ की मौत

 


फतेहपुर, 11 सितंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले में शुक्रवार को तालाब में डूबने से अधेड़ की मौत हो गई। ग्रामीणों ने धोबिया तालाब में उतराता शव देखा तो पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से शव को बाहर निकलवाकर कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

धाता थाना क्षेत्र के गोकुलपुर गांव निवासी झूरी उर्फ झुन्ना रैदास का सुबह तालाब में उतराता हुआ शव मिला है। ग्रामीणों ने बताया कि मृतक की आंखों की रोशनी काफी कमजोर थी और उसे बहुत कम दिखाई देता था। आशंका है कि कल शाम शौच के लिए तालाब की ओर जाते समय पैर फिसलने से वह गहरे पानी में चला गया और डूबने से उसकी मौत हो गई होगी।

झूरी गांव में अकेला रहता था। उसकी पत्नी बच्चों के साथ चित्रकूट के पहाड़ी थाना क्षेत्र के बाबूपुर गांव में मायके में रहती है। मृतक के भतीजे बरमदीन ने पुलिस को तहरीर दी है।

थाना प्रभारी अभिलाष तिवारी ने बताया कि शव पोस्टमार्टम के लिए भेजकर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / देवेन्द्र कुमार