युवक ने फांसी लगाकर दी जान

 


औरैया, 14 जुलाई (हि. स.)। उत्तर प्रदेश में औरैया जिले के दिबियापुर थाना क्षेत्र की कांशीराम कॉलोनी के पास केविन की मड़ैया में सोमवार देर रात एक 40 वर्षीय युवक ने संदिग्ध परिस्थितियों में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

थाना प्रभारी सत्य प्रकाश सिंह ने बताया कि मृतक की पहचान सत्यवीर उर्फ बब्बन यादव (40) के रूप में हुई है। शराब की लत के चलते उसकी पत्नी अपने दो बच्चों के साथ कंचौसी के मनेपुर स्थित मायके में रह रही थी, जबकि उसकी मां भी कुछ समय से अपनी बेटी के घर रह रही थी। घर पर वह अकेला ही रहता था। पड़ाेसियाें ने आज उसका शव फांसी के फंदे से लटका देखा ताे परिवार और पुलिस काे सूचित किया। घटना की जानकारी पर उसकी पत्नी और अन्य परिजन मौके पर पहुंच गए।

सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को फंदे से नीचे उतारकर आवश्यक कार्रवाई की।

थाना प्रभारी निरीक्षक सत्य प्रकाश सिंह ने बताया कि शव का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों की पुष्टि हो सकेगी। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार