वृहद रोजगार मेले का भव्य शुभारम्भ, 2107 युवाओं का चयन

 


मीरजापुर, 25 फ़रवरी (हि.स.)। उत्तर प्रदेश रोजगार मिशन के अंतर्गत जिला सेवायोजन विभाग द्वारा स्थानीय जी.डी. बिनानी कॉलेज में बुधवार को एक दिवसीय वृहद रोजगार मेले का आयोजन किया गया। मेले का शुभारम्भ प्रदेश के श्रम एवं सेवायोजन राज्यमंत्री मनोहर लाल उर्फ मन्नू कोरी ने किया। इस अवसर पर लगभग 6422 अभ्यर्थियों ने प्रतिभाग किया। जिसमें कुल 2107 अभ्यर्थियों का विभिन्न पदों पर चयन किया गया।

मेले में देश-विदेश की 47 प्रतिष्ठित कम्पनियों ने स्टॉल लगाकर युवाओं का साक्षात्कार लिया। प्रमुख कम्पनियों में टाटा मोटर्स, भारतीय जीवन बीमा निगम, डिक्सन टेक्नोलॉजी, एल एंड टी, एसआईएस सिक्योरिटी सर्विस, वर्धमान टेक्सटाइल्स तथा विदेश रोजगार के लिए एसएस मैन पावर सॉल्यूशन शामिल रहीं। कार्यक्रम में 19 चयनित अभ्यर्थियों को मौके पर ऑफर लेटर भी वितरित किए गए।

राज्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में युवाओं को उनकी योग्यता के अनुरूप रोजगार उपलब्ध कराने के लिए ऐसे आयोजनों को बढ़ावा दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि विदेश में रोजगार दिलाने के नाम पर होने वाली धोखाधड़ी रोकने के लिए भी प्रमाणित कम्पनियों को आमंत्रित किया गया है।

कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे विधायक रत्नाकर मिश्र ने प्रदेश को सर्वाधिक सरकारी नौकरियां देने वाला राज्य बताया। प्रभारी जिलाधिकारी विशाल कुमार ने अतिथियों का आभार व्यक्त किया। संचालन राजेंद्र तिवारी ने किया। इस दौरान उपाध्यक्ष राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग सोहन लाल श्रीमाली, नगर विधायक रत्नाकर मिश्र, मझवां विधायक शुचिस्मिता मौर्या, छानबे विधायक रिंकी कोल, नगर पालिका अध्यक्ष श्याम सुन्दर केसरी तथा जिला सहकारिता अध्यक्ष जगदीश सिंह पटेल सहित सम्बंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा