मां चंद्रघंटा के दर्शन को उमड़ा सैलाब, फूलों के भव्य श्रृंगार ने मोहा मन

 


मीरजापुर, 21 मार्च (हि.स.)। चैत्र नवरात्र के तीसरे दिन शनिवार को उप्र के मीरजापुर जिले के अदलपुरा स्थित बड़ी शीतला माता मंदिर में आस्था का जनसैलाब उमड़ पड़ा। श्रद्धालुओं ने मां के चंद्रघंटा स्वरूप का दर्शन कर सुख-समृद्धि की कामना की। भोर से ही दूर-दराज से आए श्रद्धालु गंगा स्नान के बाद मंदिर पहुंचे। परिसर में लगी दुकानों से नारियल, चुनरी, माला-फूल, लाची दाना आदि प्रसाद लेकर भक्त जयकारे लगाते हुए कतार में खड़े रहे और गर्भगृह में पहुंचकर विधिवत पूजन-अर्चन किया।

विशेष आकर्षण मां का भव्य श्रृंगार रहा। पुजारियों द्वारा चुनार के नैनागढ़ गंगा घाट से गंगाजल लाकर मां को स्नान कराया गया। इसके बाद अपराजिता, बेला, चमेली, गुलाब, गेंदा और अड़हुल के फूलों से माता का मनमोहक श्रृंगार किया गया। इसे देखकर श्रद्धालु भावविभोर हो उठे। मंदिर परिसर में एक लाख से अधिक श्रद्धालुओं के पहुंचने से भीड़ को नियंत्रित करना चुनौतीपूर्ण रहा। सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए कोतवाल विजय शंकर सिंह व मेला प्रभारी उपनिरीक्षक कुमार संतोष पुलिस बल के साथ मुस्तैद रहे। पूरे दिन जय माता दी के जयकारों से धाम गुंजायमान रहा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा