मुरादाबाद विकास प्राधिकरण की सहयाद्रि योजना के चार सेक्टर 42.63 करोड़ से होंगे विकसित

 


- वर्ष 2008 में विभिन्न श्रेणियों के 434 आवास बनाकर सहयाद्रि योजना हुई थी लॉन्च

मुरादाबाद, 02 नवम्बर (हि.स.)। मुरादाबाद विकास प्राधिकरण सहयाद्रि योजना (सोनपुर आवासीय योजना) के ब्लॉक-ए के चार सेक्टरों में एमडीए विकास कार्य कराएगा। यहां सड़क, नाला, सीवर लाइन, बिजली की अंडरग्राउंड ट्रेंच का निर्माण कराया जाएगा। इस पर एमडीए 42.63 करोड़ रुपये खर्च करेगा। इसके लिए टेंडर जारी कर दिए गए हैं।

मुरादाबाद विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष अनुभव सिंह ने बताया कि वर्ष 2008 में ग्राम पंचायत सोनकपुर देहात के पास विभिन्न श्रेणियों के 434 आवास बनाकर योजना को लॉन्च किया गया था। कई पार्क भी बनाए गए थे, लेकिन वहां तक पहुंचने के लिए बनाए गए रास्ते को लेकर कुछ किसानों से एमडीए का विवाद हो गया। मामला न्यायालय में चले जाने के बाद यह योजना लटक गई थी। करीब चार साल पहले सोनकपुर आवासीय योजना का नाम बदलकर सहयाद्रि योजना का नाम दिया गया। यहां के ब्लॉक ए (पॉकेट-ए) के चार सेक्टरों को एमडीए नए सिरे से विकसित करेगा। इसके लिए यहां नाला, सड़क, सीवर लाइन का निर्माण कराया जाएगा। साथ ही अंडरग्राउंड ट्रेंच का भी निर्माण होगा। सेक्टर-एक पर 6.25 करोड़, सेक्टर-दो पर 16.39 करोड़, सेक्टर-तीन 11.03 करोड़, सेक्टर चार पर 8.96 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। सभी कार्यों के लिए टेंडर जारी कर दिया गए हैं। टेंडर प्रक्रिया पूरी होने के बाद निर्माण शुरू हो जाएंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल