होम्योपैथिक चिकित्सकों की समस्याओं का ध्यान दिया जाएगा, एक पेड़ अवश्य लगाएं : महापौर

 


वाराणसी, 10 अप्रैल (हि. स.)। वाराणसी में पहड़ियां स्थित होटल दी वर्टेक्स में विश्व होम्योपैथी दिवस के अवसर पर दी होम्योपैथी मेडिकल एसोसिएशन ऑफ़ इंडिया वाराणसी के सदस्यों ने डॉ हनीमैन के 271 वाँ जन्मदिन मनाया।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि वाराणसी शहर के महापौर अशोक तिवारी और विशिष्ट अतिथि एडीएम (फाइनेंस एंड रेवेन्यू) डॉक्टर सदानंद गुप्ता रहे। अतिथियों का स्वागत दी होम्योपैथी मेडिकल एसोसिएशन ऑफ़ इंडिया वाराणसी के सचिव डॉ अम्बरीष कुमार राय ने पुष्प गुच्छ देकर किया।

महापौर डॉक्टर अशोक तिवारी ने कहा कि होम्योपैथिक चिकित्सकों की समस्याओं का ध्यान दिया जाएगा। विशेष रूप से अभी नगर निगम द्वारा कूड़ा निस्तारण में होम्योपैथिक चिकित्सकों की क्लीनिक से भी वही चार्ज लिया जा रहा है, जो अन्य अस्पतालों से लिया जाता है। मैं जानता हूं कि होम्योपैथिक क्लीनिक से जो अपशिष्ट निकलता है, वह न के बराबर है। ऐसे में मैं प्रयास करूंगा कि उनकी श्रेणी अलग करके उनके शुल्क को न्यूनतम किया जाए।

महापौर ने चिकित्सा क्षेत्र से जुड़े सभी लोगों से आग्रह किया कि आप कार्यक्रम कीजिए, क्लब में जाइए लेकिन एक पेड़ अवश्य लगाएं। एक पेड़ लगाएंगे तो वातावरण हरा भरा हो जायेगा।

कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रोफेसर प्रेम नारायण सिंह ने किया। कार्यक्रम में मुख्य रूप से संगठन के पूर्व अध्यक्ष डॉ एसपी सिंह, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष डॉ बीके पांडेय, एचएमएआई वाराणसी के संरक्षक डॉ विजय नारायण सिंह, डॉ आरपी सिंह, डॉ बृजेश सिंह सहित सैकड़ों की संख्या में चिकित्सकों की उपस्थिति रही।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / शरद