बांकेबिहारी मंदिर में दर्शन व्यवस्था बदली: अब वीआईपी श्रद्धालुओं को गेट नंबर 4 से मिलेगा प्रवेश

 


मथुरा, 27 अक्टूबर(हि.स.)। उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले में वृंदावन नगर स्थित सुप्रसिद्ध ठाकुर बांकेबिहारी मंदिर में दर्शन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या और सुरक्षा व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए मंदिर प्रशासन ने प्रवेश और निकास नियमों में बड़ा बदलाव किया है। नई व्यवस्था के तहत अब वीआईपी प्रोटोकॉल के जरिए दर्शन करने आने वाले श्रद्धालुओं को गेट नंबर चार से मंदिर में प्रवेश दिया जाएगा, जबकि दर्शन के बाद उन्हें गेट नंबर एक से बाहर निकाला जाएगा। यह नई व्यवस्था शरद पूर्णिमा से लागू कर दी गई है। यह जानकारी मंगलवार उच्चाधिकार प्राप्त प्रबंधन समिति के सेवायत सदस्य हिमांशु गोस्वामी ने दी है।

उन्हाेंने बताया कि कार्तिक महीने के पावन अवसर पर वृंदावन में भारी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है, जिसे देखते हुए मंदिर की उच्चाधिकार प्राप्त प्रबंधन समिति ने यह कदम उठाया है। इससे पहले वीआईपी प्रोटोकॉल वाले श्रद्धालुओं को गेट नंबर दो से प्रवेश दिया जाता था। इस दौरान वीआईपी दर्शन के लिए रेलिंग का एक हिस्सा खाली कराना पड़ता था, जिससे आम श्रद्धालुओं को काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था। नई व्यवस्था से इस समस्या से निजात मिलने की उम्मीद है।

व्यवस्था को सुचारु रूप से चलाने और नियमों का पालन करवाने के लिए मंदिर सुरक्षा में 6 विशेष पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है। ये पुलिसकर्मी वीआईपी श्रद्धालुओं को सुरक्षित दर्शन कराने के बाद निर्धारित निकास द्वार (गेट नंबर एक) से बाहर निकालने में सहयोग करेंगे। मंगलवार उच्चाधिकार प्राप्त प्रबंधन समिति के सेवायत सदस्य हिमांशु गोस्वामी ने जानकारी देते हुए बताया कि कार्तिक महीने में उमड़ने वाली भारी भीड़ को देखते हुए गेट नंबर दो से वीआईपी प्रवेश में दिक्कतें आ रही थीं। श्रद्धालुओं की सुविधा और सुगम दर्शन व्यवस्था को प्राथमिकता देते हुए ही अब प्रवेश और निकास के द्वारों में यह बदलाव किया गया है।------------------

हिन्दुस्थान समाचार / महेश कुमार