मथुरा : फर्जी ईडी अधिकारी बनकर लोगों पर रौब जमाने और ठगी करने वाला गिरफ्तार, दो साल से कार पर लगा रखी थी नीली बत्ती
मथुरा, 09 नवम्बर(हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद मथुरा के थाना रिफाइनरी क्षेत्र में प्रवर्तन निदेशालय का फर्जी अधिकारी बनकर लोगों को ठगने और उन पर रौब जमाने वाले शातिर युवक को पुलिस ने साेमवार गिरफ्तार कर लिया है। आरोपित पिछले दो साल से अपनी कार पर नीली बत्ती लगाकर घूम रहा था और सोशल मीडिया के जरिए भी खुद को अधिकारी के रूप में प्रचारित कर रहा था।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपित की पहचान सचिन शर्मा के रूप में हुई है, जो मूल रूप से कस्बा फरह का रहने वाला है। वह खुद को ईडी का बड़ा अधिकारी बताकर आम जनता को प्रभावित करता था और ठगी की वारदातों को अंजाम देता था। लगातार मिल रही शिकायतों और पुख्ता तथ्यों के आधार पर थाना रिफाइनरी पुलिस ने सोमवार को उसे धर दबोचा। पुलिस ने आरोपित के कब्जे से प्रवर्तन निदेशालय के अधिकारी का फर्जी आईडी कार्ड एक फॉक्स (फोर्ड) गाड़ी (जिस पर नीली बत्ती लगी थी) दो आधार कार्ड कई एटीएम और क्रेडिट कार्ड फर्जी सामग्रियां बरामद की हैं।
सोमवार शाम पुलिस अधीक्षक नगर राजीव कुमार सिंह ने बताया बताया कि आरोपित ने फर्जी ईडी अधिकारी बनकर अब तक कितने लोगों को अपना शिकार बनाया है, इसका पता लगाया जा रहा है। मामले की गहराई से छानबीन के लिए वैज्ञानिक साक्ष्यों, कॉल डिटेल रिकॉर्ड और मोबाइल लोकेशन की मदद ली जा रही है। आरोपी के खिलाफ थाना रिफाइनरी में संबंधित गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है, और उसे न्यायालय के समक्ष पेश करने की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस इस गिरोह से जुड़े अन्य पहलुओं और संलिप्त लोगों की भी तलाश कर रही है।-----
हिन्दुस्थान समाचार / महेश कुमार