नदी में डूबने की आशंका में विवाहिता लापता, एसडीआरएफ ने संभाला मोर्चा

 


मीरजापुर, 25 अगस्त (हि.स.)। अहरौरा थाना क्षेत्र के चकलिया गांव में मंगलवार सुबह 22 वर्षीय विवाहिता प्रियंका पाल उर्फ पिंकी के कलकलिया नदी में डूबने की आशंका से हड़कंप मच गया। स्थानीय गोताखोरों के साथ पुलिस और एसडीआरएफ की टीम कई घंटे से नदी में उसकी तलाश कर रही है, लेकिन देर शाम तक उसका कोई सुराग नहीं मिल सका।

चकलिया गांव निवासी दीना पाल की पुत्री प्रियंका मंगलवार सुबह करीब पांच बजे घर से नदी की ओर गई थी। काफी देर तक वापस नहीं लौटने पर परिजन को चिंता हुई। उन्होंने आसपास तलाश शुरू की। ग्रामीणों से नदी की ओर जाने की जानकारी मिलने पर परिजन ने पानी में भी उसकी तलाश की और पुलिस को सूचना दी।

सूचना पर उपनिरीक्षक राम आशीष बिंद पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और स्थानीय गोताखोरों की मदद से तलाश शुरू कराई। काफी प्रयास के बाद भी सफलता नहीं मिलने पर एसडीआरएफ टीम को बुलाया गया। टीम ने नदी में उतरकर विभिन्न स्थानों पर खोज अभियान चलाया।

क्षेत्राधिकारी ऑपरेशन मोहम्मद फहीम ने बताया कि नदी में पानी का बहाव काफी तेज है, जिससे रेस्क्यू अभियान में कठिनाई आ रही है। एसडीआरएफ और स्थानीय गोताखोर लगातार तलाश में जुटे हैं।

बताया गया कि प्रियंका की शादी पिछले वर्ष ही हुई थी। उसके अचानक लापता होने को लेकर गांव में तरह-तरह की चर्चाएं हैं। पुलिस फिलहाल नदी में डूबने की आशंका को ध्यान में रखते हुए तलाश अभियान चला रही है।

--------------

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा